Social Sharing icon

देहरादून/मसूरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार रंग दिखा रहा है। इस बार पुलिस के हत्थे ऐसा युवक चढ़ा, जो अपने पिता की खाकी वर्दी और पुलिस की पी-कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक नशे की हालत में कार दौड़ा रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार सीज कर दी।

डैशबोर्ड पर रखी थी पुलिस की पी-कैप

मसूरी पुलिस लाइब्रेरी चौक पर स्पेशल चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान यूपी नंबर की एक वैगनआर कार पुलिस को संदिग्ध लगी। कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी थी, जबकि पीछे उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी। पुलिस ने तुरंत कार रुकवाई और जांच शुरू की। कार चला रहे युवक की पहचान मेरठ निवासी विनय सिंह के रूप में हुई। जांच में वह शराब के नशे में मिला। कार में उसके तीन अन्य साथी भी बैठे थे।

पिता की वर्दी का उठा रहा था फायदा

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं। टोल टैक्स, पार्किंग और रास्ते में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए वह पिता की वर्दी और पी-कैप साथ लेकर घूमता था, ताकि लोग उसे पुलिसकर्मी समझें। युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन पुलिस ने नियमों का उल्लंघन और ड्रिंक एंड ड्राइव के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। वाहन भी सीज कर दिया गया।

ब्लैक फिल्म और नो पार्किंग पर भी चला डंडा

चारधाम यात्रा और बढ़ती पर्यटक भीड़ को देखते हुए मसूरी पुलिस ने शहर में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान काटे गए और मौके पर फिल्म उतरवाई गई। नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान कुल 98 चालान किए गए। इनमें 67 चालान नो पार्किंग के तहत कोर्ट भेजे गए। ड्रिंक एंड ड्राइव में एक कार और तीन दोपहिया वाहन सीज किए गए। वहीं यातायात नियम तोड़ने वालों से 12,500 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।

पर्यटन सीजन में सख्ती जारी

मसूरी पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने पर्यटकों और आम लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *