इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में शनिवार रात बड़ा आतंकी हमला हुआ। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में पुलिस चौकी को निशाना बनाकर किए गए हमले में 21 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई।
कार विस्फोट के बाद शुरू हुई फायरिंग
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक हमलावरों ने पहले विस्फोटकों से भरी गाड़ी को पुलिस चौकी के पास उड़ाया। धमाका इतना तेज था कि चौकी का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके तुरंत बाद हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से सुरक्षा बलों को संभलने का मौका नहीं मिला। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।
हथियार लेकर फरार हुए हमलावर
हमले के बाद हमलावर मौके से हथियार लेकर फरार हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि हमलावर अफगानिस्तान सीमा की ओर भाग निकले। बन्नू जिला पहले से ही संवेदनशील इलाका माना जाता है और यहां सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाएं होती रही हैं।
गठबंधन ने ली जिम्मेदारी
हमले की जिम्मेदारी ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ नाम के हथियारबंद समूह ने ली है। सुरक्षा एजेंसियां इस संगठन और उसके नेटवर्क की गतिविधियों की जांच कर रही हैं।
अस्पतालों में इमरजेंसी लागू
हमले के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भेजी गईं। अधिकारियों ने बन्नू के सरकारी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया है। कुछ नागरिकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
ड्रोन इस्तेमाल की भी आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमले में आधुनिक तकनीक और ड्रोन के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से मिले सबूतों को खंगाल रही हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील चौकियों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।