Social Sharing icon

महोबा। यूपी के महोबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठन के भीतर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर पद का लालच देकर यौन शोषण के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। महिला नेता के इन आरोपों से जिले की राजनीति से लेकर संगठन तक में हड़कंप मच गया है।

पद के बदले ‘समझौते’ का आरोप

दीपाली तिवारी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर आरोप लगाया कि उन्होंने संगठन में सक्रिय भूमिका के चलते जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने की मांग की थी। इस पर जिलाध्यक्ष ने कथित तौर पर इशारों में बात करते हुए कहा कि “बदले में क्या मिलेगा।” महिला नेता का दावा है कि जब उन्होंने साफ शब्दों में बात करने को कहा तो जिलाध्यक्ष ने सीधे तौर पर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा।

“एक बार साथ हो जाओ, बना देंगे उपाध्यक्ष”

दीपाली तिवारी ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष ने कहा—“एक बार मेरे साथ हमबिस्तर हो जाओ, तुम्हें जिला उपाध्यक्ष बना देंगे।” उन्होंने यह भी दावा किया कि मना करने पर उन्हें जिला पंचायत चुनाव में टिकट दिलाने का ऑफर दिया गया। इन आरोपों के सामने आने के बाद जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्म है और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

परिवार को धमकी का भी आरोप

महिला नेता ने यह भी कहा कि वह इस मामले को सार्वजनिक नहीं करना चाहती थीं, लेकिन उनके परिवार को धमकियां मिलने के बाद उन्हें सामने आना पड़ा। उनका आरोप है कि उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने की चेतावनी दी गई और परिवार को फंसाने की धमकी भी दी गई।

जिलाध्यक्ष ने आरोपों को बताया झूठा

वहीं, जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ये आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उनकी कॉल डिटेल और पूरे मामले की जांच किसी भी एजेंसी से कराई जा सकती है।

संगठन की साख पर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने पार्टी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। संगठन के भीतर भी इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद पर क्या कार्रवाई करता है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *