Social Sharing icon

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक बार फिर गरजा। कोतवाली क्षेत्र के बिछोली गांव में करीब 7 बीघा सरकारी जमीन पर बने ईदगाह और इमामबाड़े को गुरुवार को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया।

गांव में सुबह से ही घेरा, हर तरफ पुलिस का पहरा

कार्रवाई से पहले ही प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी की एक कंपनी मौके पर तैनात रही। गांव के मुख्य रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि किसी तरह का विरोध या तनाव न बढ़े। सुबह होते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर ने अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी। देखते ही देखते ईदगाह और इमामबाड़े की दीवारें मलबे में तब्दील हो गईं।

सरकारी जमीन पर था अवैध कब्जा, जांच में खुलासा

प्रशासन के अनुसार, जिस जमीन पर निर्माण किया गया था वह गाटा संख्या 1240 में दर्ज है और इसका रकबा 0.166 हेक्टेयर है। राजस्व रिकॉर्ड में यह जमीन ‘खाद के गड्ढे’ की आरक्षित श्रेणी में दर्ज है, यानी यह पूरी तरह सरकारी भूमि है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जब राजस्व विभाग ने जांच की तो सामने आया कि इस जमीन पर अज्ञात लोगों द्वारा ईदगाह और इमामबाड़ा बना दिया गया था, जो पूरी तरह अवैध था।

कानूनी प्रक्रिया पूरी, फिर चला बुलडोजर

मामले में लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी 2026 को तहसीलदार न्यायालय में धारा 67 के तहत वाद दायर किया था। इसके बाद 31 जनवरी को सार्वजनिक नोटिस जारी कर अखबारों में प्रकाशित कराया गया, ताकि संबंधित पक्ष अपना दावा पेश कर सके। लेकिन तय समय सीमा में कोई भी व्यक्ति स्वामित्व का दावा करने या आपत्ति दर्ज कराने सामने नहीं आया। इसके बाद अदालत ने अवैध कब्जा हटाने के आदेश जारी कर दिए।

पर्याप्त समय के बावजूद नहीं हटाया कब्जा

प्रशासन ने बताया कि संबंधित लोगों को खुद अवैध निर्माण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन आदेश के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसी के चलते 31 जनवरी को ही बेदखली का आदेश पारित कर दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने गुरुवार को बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों की मौजूदगी में चली कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, इलाके में सन्नाटा

जैसे ही बुलडोजर ने निर्माण गिराना शुरू किया, गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग दूर खड़े होकर कार्रवाई देखते रहे। भारी पुलिस बल के चलते किसी ने विरोध की हिम्मत नहीं जुटाई। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और लोग इस सख्त कदम को लेकर चर्चा करते नजर आए।

प्रशासन का सख्त संदेश—अवैध कब्जा हटेगा ही

अधिकारियों ने दो टूक कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा है, वे खुद ही उसे हटा लें, वरना बुलडोजर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

लगातार जारी है अभियान, कई और चिन्हित

सूत्रों के मुताबिक, संभल जिले में कई और स्थानों पर भी अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया है। आने वाले दिनों में वहां भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन का फोकस अब सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने पर है, जिसके लिए अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *