बरेली। उत्तर प्रदेश टीचर प्रीमियर लीग सीजन-2 का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में समाप्त हुआ, जहां टीसीसी बुलंदशहर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। गंगा ज्योति ब्लास्टर को एक बार फिर उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। टूर्नामेंट के मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब विजय तिवारी को मिला।
सेमीफाइनल में दिखा जबरदस्त मुकाबला
निशांत पटेल (जीपी) क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में ग्लोबल पिच स्मैसर्स ने 20 ओवर में 130 रन बनाए। जवाब में गंगा ज्योति ब्लास्टर ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में विजय तिवारी ने 85 रनों की शानदार पारी खेलने के साथ 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। दूसरे सेमीफाइनल में टीसीसी बुलंदशहर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए। जवाब में ओमेगा सुपर किंग की टीम 17.2 ओवर में 118 रन पर सिमट गई, जिससे टीसीसी ने फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में टीसीसी का दबदबा
फाइनल मुकाबले में गंगा ज्योति ब्लास्टर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 133 रन बनाए। टीम की ओर से कृष्ण प्रकाश ने 38 और जावेद ने 27 रन का योगदान दिया। टीसीसी की ओर से देवेश और अमन ने 3-3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीसीसी बुलंदशहर ने 17 ओवर में 4 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। रविश कौशिक ने शानदार 78 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और फाइनल के हीरो बने।
खेल से बढ़ता है सद्भाव और स्वास्थ्य
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी ने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने और आपसी सद्भाव बढ़ाने का सबसे बेहतर माध्यम है। वहीं डॉ. डीपी गंगवार ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए ग्राउंड से जुड़े रहने की सलाह दी। डॉ. विमल भारद्वाज ने कहा कि खेल प्रेमी होने के नाते इस आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। डॉ. कलीमुद्दीन ने शिक्षकों के इस तरह के टूर्नामेंट में भाग लेने को बेहद सुखद बताया।
आईपीएल की तर्ज पर हुआ आयोजन
आयोजन समिति के अध्यक्ष केसी पटेल ने बताया कि फिट इंडिया अभियान के तहत इस लीग की शुरुआत की गई थी, जिसमें आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन के जरिए टीमें बनाई गईं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उनके व्यस्त जीवन से निकालकर खेल से जोड़ना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। आयोजन सचिव अनवर हसनैन ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। टूर्नामेंट में आशीष कुमार, प्रसून गंगवार, नवल किशोर, आशुतोष शर्मा, शिवम पाठक सहित कई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस शानदार आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खेल न सिर्फ प्रतिस्पर्धा का माध्यम है, बल्कि समाज में एकता और स्वास्थ्य का भी मजबूत आधार है।