रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी में हुई शिक्षिका एकता उर्फ पूजा की हत्या ने सनसनी फैला दी है। बेडरूम में हुई इस वारदात में पति ने ही पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नग्न हालत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या शारीरिक संबंध के दौरान हुए विवाद के बाद की गई।
बेडरूम में बना मौत का मंजर
शनिवार रात पति राहुल रामपुर आया था। देर रात पत्नी के साथ संबंध बनाने के दौरान दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि राहुल ने पत्नी का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सोमवार सुबह दूध सप्लायर ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर मकान मालिक को सूचना दी गई। दरवाजा खुलने पर अंदर का मंजर देख सभी सन्न रह गए—बिस्तर पर एकता का शव नग्न हालत में पड़ा था।
पोस्टमार्टम में हुआ खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसमें दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। जांच में साफ हुआ कि हत्या मुंह दबाकर की गई थी। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मृतका के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति राहुल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
नशे का आदी है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल नशे का आदी है और पहले भी कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका है। वारदात के बाद वह मेरठ में नशा मुक्ति केंद्र पहुंच गया था, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ा। जानकारी के अनुसार, एकता परिषदीय स्कूल में शिक्षिका थीं और करीब दो साल से पति व बच्चे के साथ किराये के मकान में रह रही थीं। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।