Social Sharing icon

बरेली। सीबीगंज क्षेत्र में बरेली-दिल्ली हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से घायल युवक सड़क पर करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। पुलिस के पहुंचने तक जिंदगी की डोर टूट चुकी थी—अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लंच के लिए निकला था, मौत ने रास्ते में घेरा

बंडिया गांव निवासी 25 वर्षीय सनी कश्यप परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करता था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह लंच के लिए जा रहा था। रोड नंबर तीन के पास हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

चौकी पास, फिर भी मदद में देरी

हादसे की जगह परसाखेड़ा पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर थी, लेकिन बावजूद इसके पुलिस को मौके तक पहुंचने में करीब 30 मिनट लग गए। इस दौरान सनी सड़क पर तड़पता रहा। राहगीरों की नजर पड़ी, लेकिन समुचित मदद नहीं मिल सकी।

अस्पताल पहुंचते ही मौत, घर में मचा कोहराम

पुलिस घायल सनी को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में पत्नी, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

तीन बहनों का इकलौता भाई था सनी

परिजनों के मुताबिक सनी कश्यप की शादी दो साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी पिंकी और डेढ़ साल का बेटा कृष्णा है। सनी तीन बहनों का इकलौता भाई और पूरे परिवार का सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिवार बेसहारा हो गया है।

आरोपी वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *