बरेली। ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए शनिवार सुबह बरेली पुलिस ने जिले भर में लाउडस्पीकर चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में सुबह 5 बजे से 7 बजे तक पुलिस टीमों ने मंदिर, मस्जिद और अन्य स्थानों पर लगे लाउडस्पीकरों की सघन जांच की। अचानक शुरू हुए इस अभियान से कई जगहों पर हड़कंप मच गया।
892 स्थानों पर जांच, कई जगह नियमों की अनदेखी
अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 892 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की जांच की गई। इसमें क्षेत्राधिकारियों ने 98 स्थानों पर और थाना प्रभारियों ने 389 जगहों पर खुद मौके पर पहुंचकर चेकिंग की। जांच के दौरान कई जगहों पर लाउडस्पीकर तय मानकों से ज्यादा आवाज में बजते मिले, जिस पर पुलिस ने तत्काल सख्ती दिखाई।
193 जगहों पर आवाज कम कराई, 95 स्थानों से उतरवाए लाउडस्पीकर
पुलिस कार्रवाई के दौरान 193 स्थानों पर लाउडस्पीकर की आवाज मानक के अनुरूप कराई गई, जबकि 95 जगहों से लाउडस्पीकर उतरवा दिए गए। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नियम तोड़े तो होगी कड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को ध्वनि प्रदूषण से होने वाले नुकसान और सरकार के नियमों की जानकारी भी दी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर भविष्य में बिना अनुमति या तय सीमा से ज्यादा आवाज में लाउडस्पीकर बजते मिले तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।