पति उमाशंकरमृतक उमाशंकर का फाइल फोटो।

पीलीभीत पति की कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद, साड़ी से गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का खुलासा मृतक पति की मासूम बेटी ने किया। घटना के बाद आरोपी पत्नी मौके से फरार हो गई थी, जिसे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव निवासी मृतक 45 वर्षीय उमाशंकर की बेटे विकास ने शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे कुछ ग्रामीणों के साथ माधोटांडा थाने पहुंचा और पिता की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मां ने पहले खुद पी कोल्ड ड्रिंक, फिर पिता को पिलाई

मृतक की बेटी गीता ने बताया कि शुक्रवार शाम उसकी मां ममता कोल्ड ड्रिंक लेकर आई थी। पहले उसने खुद कोल्ड ड्रिंक पी और फिर बच्चों को भी पीने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद ममता छत पर पिता उमाशंकर के लिए बिस्तर लगाने चली गई। कुछ देर बाद पिता ने भी वही कोल्ड ड्रिंक पी, जबकि बच्चे नीचे कमरे में सोने चले गए।

छत पर बिस्तर पर मिला पतिा का शव, गायब थी मां

रात में किसी आहट की आवाज सुनकर बच्चे छत पर पहुंचे तो पिता बिस्तर पर बेसुध पड़े मिले, जबकि मां वहां मौजूद नहीं थी। काफी कोशिश के बाद भी जब उमाशंकर नहीं उठे तो पड़ोसियों को बुलाया गया। पड़ोसियों ने देखा कि उनकी मौत हो चुकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साड़ी से गला घोंटने और नकदी लेकर भागने का आरोप

गीता का आरोप है कि उसकी मां ने पिता को पहले नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और फिर साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप यह भी है कि वारदात के बाद वह उमाशंकर की जेब में रखी नकदी निकालकर फरार हो गई। हालांकि पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

गुजरात के प्रेम संबंध की भी जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद फरार हुई ममता को देर रात ग्रामीणों ने गांव में ही छिपा हुआ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि वर्ष 2024 में ममता अपने पति के साथ गुजरात गई थी, जहां उसकी एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी और कहीं इसी संबंध का इस हत्या से कोई संबंध तो नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा बड़ा खुलासा

सीओ विधि भूषण ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके पति की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *