बरेली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को जिलेभर में विशेष मतदाता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की चहल-पहल रही। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरबिन्द कुमार पाण्डेय ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी भी मतदाता का विवरण गलत दर्ज न हो, यही अभियान का उद्देश्य है।
बूथों पर मौजूद मिले बीएलओ और बीएलए
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीबीएल इंटर कॉलेज, हफीज सिद्दीकी इंटर कॉलेज और सुशीला गिरीश बालिका इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी बूथों पर बीएलओ और बीएलए उपस्थित मिले। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर 18 से 19 वर्ष के युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बूथों पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध मिले।
दस्तावेजों की जांच के बाद ही जमा करें आवेदन
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के फॉर्म-6 जमा करने से पहले उनके नाम, पते, जन्मतिथि और संबंधित दस्तावेजों का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गांव-मोहल्लों में प्रचार-प्रसार के निर्देश
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गांवों और मोहल्लों में मुनादी कराने के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट को भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा जुड़वाएं नाम
अरबिन्द कुमार पाण्डेय ने आमजन से अपील की कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र का आधार है। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट समेत निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।