बरेली। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में तैनात कोच अटेंडेंट ही उनका सामान चोरी करने का आरोपी निकला। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने शनिवार को बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर चार से आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन और छह हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पांच साल से ट्रेन में कर रहा था नौकरी
आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला थाना क्षेत्र के गांव सैदोगाजी निवासी जसबीर (35) पुत्र कश्मीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जसबीर करीब पांच वर्षों से सीर गोवर्धन एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट का काम कर रहा था। पूछताछ में उसने एसी कोचों में यात्रियों के सो जाने पर उनके पर्स और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
महिला यात्री का पर्स चुराया, पंजाब में बेचे जेवरात
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 26 अक्टूबर की रात बरेली जंक्शन के आसपास सीर गोवर्धन एक्सप्रेस के बी-2 कोच से एक महिला यात्री का पर्स चोरी किया था। पर्स में स्मार्टवॉच, दो मोबाइल फोन, एक जोड़ी पायल, चांदी का कड़ा और तीन हजार रुपये नकद थे। आरोपी ने चोरी के जेवरात पंजाब में बेच दिए थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दैनिक आधार पर नौकरी करने के कारण उसकी कमाई कम थी। इसी वजह से वह ड्यूटी के दौरान यात्रियों का सामान चोरी कर अपना खर्च चलाता था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा के निर्देशन में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लावा और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा छह हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश कर रही है।