google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट करते विश्वविद्यालय के शिक्षक।

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय की प्रेरणा एवं अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक सुधारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जब महिलाओं के लिए बंद थे शिक्षा के द्वार, तब जलाई ज्ञान की ज्योति

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर नागेश्वर प्रसाद शुक्ला ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने उस दौर में अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के माध्यम से शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज में महिलाओं के लिए शिक्षा के द्वार बंद थे। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए महिला शिक्षा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।

डॉ. आंबेडकर अपना तीसरा गुरु मानते थे ज्योतिबा फुले को

प्रोफेसर शुक्ला ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर महात्मा ज्योतिबा फुले को अपना तीसरा गुरु मानते थे। फुले का चिंतन सामाजिक समानता स्थापित करने और वास्तविक लोकतंत्र की नींव मजबूत करने पर केंद्रित था। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विभिन्न सामाजिक विषयों पर खुली परिचर्चा भी हुई।

विद्यार्थियों से फुले के विचारों को आत्मसात करने की अपील

महात्मा ज्योतिबा फुले शोधपीठ के समन्वयक डॉ. सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों से फुले के विचारों और जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया। आयोजन सचिव डॉ. विजय सिन्हाल ने भी उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रीति यादव का विशेष सहयोग रहा।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विजय सिन्हाल ने दिया। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव, प्रोफेसर यशपाल सिंह, रूटा कैंपस अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. हेमा वर्मा, केंद्रीय पुस्तकालय के लाइब्रेरियन डॉ. महेश सिंह, डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. सुभाष चंद्र एवं डॉ. विनीता जैन, प्रोफेसर शशि भूषण तिवारी, डॉ. कामिनी विश्वकर्मा, डॉ. प्रिया सक्सेना और डॉ. सौरभ वर्मा समेत विश्वविद्यालय के कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed