google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSविवाह के दौरान दुल्हन की मांग में सिंदूर भरता दूल्हा।

बरेली। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली तो आंवला थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर की रहने वाली नरगिस ने धर्म परिवर्तन कर अपने प्रेमी आकाश कश्यप से विवाह कर लिया। सनातन धर्म अपनाने के बाद युवती ने अपना नाम इच्छा देवी रख लिया है। सुभाषनगर के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत आचार्य पंडित केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान कराए और दोनों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया। युवती का कहना है कि उसने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया है।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, युवती ने रखा शादी का प्रस्ताव

महमूदपुर निवासी साजिद की पुत्री नरगिस और इसी गांव के वेदराम के पुत्र आकाश कश्यप के बीच करीब डेढ़ वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी। युवती ने बताया कि उसने ही पहले आकाश को मैसेज भेजा था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बात शादी तक पहुंच गई। युवती ने आकाश के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। नरगिस इंटरमीडिएट तक पढ़ी है, जबकि आकाश हाईस्कूल तक शिक्षित है। युवती इससे पहले भी आकाश के साथ दिल्ली चली गई थी। उस समय युवती के परिजनों के विरोध के चलते आकाश के परिवार वालों ने उसे वापस भेज दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद युवती फिर आकाश के पास पहुंच गई।

तीन बार पढ़ा गायत्री मंत्र, सनातन धर्म में जताई आस्था

मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत केके शंखधार ने धार्मिक विधि-विधान के अनुसार युवती को गंगाजल और गौमूत्र से आचमन कराया। इस दौरान युवती ने लगातार तीन बार गायत्री मंत्र का उच्चारण किया। इच्छा देवी ने बताया कि पिछले चार-पांच वर्षों से उसकी आस्था हिंदू धर्म में है। उसने अपनी मर्जी से सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया है। युवती ने कहा, ”गौमूत्र और गंगाजल पीकर मुझे बहुत अच्छा लगा, इसे सभी को पीना चाहिए। मैंने पहले कलमे जरूर पढ़े थे, लेकिन अब मैं इन सब चीजों को नहीं मानती और सब कुछ छोड़ चुकी हूं।

शपथपत्र और विवाह प्रमाणपत्र किए प्रस्तुत

युवती ने अपने बालिग होने के दावे के समर्थन में शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ धर्म परिवर्तन और विवाह से संबंधित शपथपत्र भी प्रस्तुत किए। दोनों ने 27 नवंबर 2026 को फतेहगंज पश्चिमी स्थित आर्य समाज में हुए विवाह का प्रमाणपत्र दिखाते हुए अपनी शादी को वैध बताया है।

परिजनों से जान का खतरा बताया, दिल्ली में रह रहा जोड़ा

विवाह के बाद आकाश और इच्छा देवी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। आकाश का कहना है कि युवती के परिजनों से दोनों को जान का खतरा है। इसी वजह से वे फिलहाल गांव छोड़कर दिल्ली में रह रहे हैं। वहीं, इच्छा देवी ने बताया कि आकाश के परिवार वालों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *