google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyचालकों को निर्देश देते एआरटीओ वैभव सोती।

बरेली। सर्दी की दस्तक के साथ ही घने कोहरे में सड़क हादसों का खतरा बढ़ने लगा है। ऐसे में परिवहन विभाग ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने मीरगंज शुगर मिल परिसर और आसपास गन्ना ढोने वाले ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहनों के चालान काटे गए। वहीं, जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगे थे, उनमें मौके पर ही टेप लगवाए गए। शुगर मिल प्रबंधन को भी सुरक्षा मानकों का पालन कराने की सख्त हिदायत दी गई।

एआरटीओ वैभव सोती ने बताया सर्दियों में घने कोहरे के बीच गन्ने से लदे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क हादसों का कारण बन सकते हैं। खासकर रात के समय रिफ्लेक्टिव टेप नहीं होने से पीछे चल रहे वाहन चालकों को इनका अंदाजा नहीं लग पाता। इसी खतरे को देखते हुए सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग की टीम ने मीरगंज स्थित फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड शुगर मिल में जांच अभियान चलाया।

0
शपथ दिलाते आरआई हारून सैफी।

शुगर मिल के जीएम को दो टूक, सुरक्षा से समझौता नहीं

परिवहन विभाग ने शुगर मिल के महाप्रबंधक प्रदीप राठी को स्पष्ट निर्देश दिए कि मिल में गन्ना लेकर आने वाले सभी ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे लाल कपड़ा और रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगा होना चाहिए। इसके साथ ही ओवरलोडिंग पर रोक लगाने और वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट व चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने को कहा गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को कार्रवाई के साथ जागरूक भी किया। उन्हें बताया गया कि घने कोहरे में तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी न सिर्फ उनकी, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है। चालकों को कोहरे में सुरक्षित वाहन चलाने की जानकारी देने के साथ यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

ट्रक, बस और ऑटो चालकों को सिखाए सुरक्षित ड्राइविंग के गुर

बरेली के ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में भी परिवहन विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ट्रक, बस और ऑटोरिक्शा चालकों को यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आरआई हारून सैफी ने बताया चालकों को वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया गया। आरटीओ (प्रवर्तन) प्रणव झा ने बताया कि घने कोहरे के दौरान सड़क हादसों की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के साथ चालकों को जागरूक किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी सघन जांच और चालान की कार्रवाई जारी रहेगी। शासन के निर्देश पर जिले में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *