google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
pilibhitजांच करती टीम।

पीलीभीत। बिलसंडा में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी शूटर सरबजीत सिंह उर्फ शिवम के पुलिस एनकाउंटर की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। लखनऊ से पहुंची फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मरौरी शीतलपुर जंगल में घटनास्थल का निरीक्षण कर मुठभेड़ का रीक्रिएशन किया। टीम ने घटनाक्रम को दोहराकर मौके की परिस्थितियों और एनकाउंटर से जुड़े साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया।

बिलसंडा थाना क्षेत्र के मरौरी शीतलपुर जंगल में 28 जून 2026 को पुलिस मुठभेड़ में सरबजीत सिंह उर्फ शिवम की मौत हो गई थी। अब फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मुठभेड़ की परिस्थितियों और पुलिस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बीच-बचाव करने पहुंचे कपड़ा व्यापारी की हुई थी हत्या

दरअसल, 28 मई 2026 को बिलसंडा कस्बे में ज्वाला मैरिज लॉन के पास कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पप्पू गुप्ता पड़ोसी साइकिल व्यापारी पंकज कटिहार के साथ हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी थी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। व्यापारी की हत्या के बाद पुलिस ने वारदात के पर्दाफाश के लिए कई टीमें गठित की थीं। पुलिस की जांच में साजिश रचने और सुपारी देकर हत्या कराने की बात सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, हत्याकांड के मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ शिवम पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।

सिटी मजिस्ट्रेट भी कर चुके हैं घटनास्थल का निरीक्षण

एनकाउंटर की परिस्थितियों की जांच के लिए इससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य भी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। अब फोरेंसिक टीम की पड़ताल से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट से मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है। बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक ने बताया कि लखनऊ से फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची थी, जहां टीम ने मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्यों की जांच की है। फिलहाल फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *