google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyमौके पर मौजूद पुलिस और परिजन व तलाश में जुटी टीम।

बरेली। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामगंगा के तट पर लगे ऐतिहासिक चौबारी मेले में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नदी में स्नान के दौरान तीन बच्चे डूब गए। गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि 12 वर्षीय मानव का कोई सुराग नहीं लग सका है। बेटे को बचाने के प्रयास में उसके पिता भी डूबने लगे, जिन्हें गोताखोरों ने बचा लिया। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में लापता बच्चे की तलाश में जुटी है।

आंवला क्षेत्र के गांव कमठेना निवासी चंद्र प्रकाश मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर अपने परिवार के साथ चौबारी मेले में रामगंगा स्नान करने आए थे। दोपहर करीब एक बजे वह अपने 12 वर्षीय बेटे मानव के साथ नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान मानव अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते पानी में डूब गया। परिजनों के मुताबिक, मानव के साथ दो अन्य बच्चे भी नदी में डूबने लगे थे। गोताखोरों ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मानव का पता नहीं चल सका।

बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी डूबने लगे

सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन ने बताया कि मानव को डूबता देख उसके पिता चंद्र प्रकाश ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वह खुद भी नदी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने चंद्र प्रकाश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद लापता मानव की तलाश शुरू की गई। गोताखोरों की टीम रामगंगा नदी में मानव की खोजबीन कर रही है। वहीं, हादसे के बाद परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई है। परिजन बच्चे के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल मानव का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच हुआ हादसा

कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान को लेकर मेला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती, नौ वॉच टावर, 18 मोबाइल पुलिस टीमों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा रामगंगा घाट पर पीएसी, एसडीआरएफ, मोटरबोट और गोताखोरों की तैनाती की भी तैयारी की गई थी। मुख्य स्नान पर डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था। ऐसे में सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच तीन बच्चों के डूबने की घटना ने घाटों पर निगरानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *