google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSपीडीए जनचेतना पदयात्रा निकालते सपा नेता और कार्यकर्ता।

बरेली। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बरेली में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। सोमवार को पीडीए जनचेतना पदयात्रा के जरिए सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर ताकत दिखाई। हाथों में ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के पोस्टर और रोजगार मांगती तख्तियां लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। यात्रा में शहर और कैंट विधानसभा से चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।

जिला कार्यालय से घंटाघर तक गूंजे नारे

पदयात्रा सपा के जिला कार्यालय से शुरू हुई। यहां से कार्यकर्ता पटेल चौक, नावेल्टी चौराहा, जिला अस्पताल रोड और कुतुबखाना होते हुए घंटाघर पहुंचे। यात्रा में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। संभावित प्रत्याशियों की मौजूदगी ने इस पदयात्रा को चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी अहम बना दिया।

किसी ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा, किसी ने मांगा रोजगार

पदयात्रा में कार्यकर्ताओं के हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियां थीं। इन पर ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और ‘डिग्री नहीं अब रोजगार चाहिए, हर युवा को काम और अधिकार चाहिए’ जैसे नारे लिखे थे। सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए बेरोजगारी, लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को उठाया।

जनता को जगाने निकली है समाजवादी पार्टी

कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहीं पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन भी समर्थकों के साथ पदयात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य मकसद जनता के बीच पहुंचना और उसे जागरूक करना है। समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में डटी हुई है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी, लोकतंत्र के हनन और संविधान से जुड़े मुद्दों के खिलाफ पार्टी आवाज उठा रही है।

अखिलेश सरकार के काम भी गिनाएगी सपा

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखने के सवाल पर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल के काम गिनाएगी। इसके साथ ही मौजूदा सरकार के पिछले दस वर्षों में हुई कमियों और बिगड़ी व्यवस्थाओं को भी जनता के सामने रखा जाएगा।

नौ विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान

सपा ने जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 22 नवंबर से 22 दिसंबर तक पीडीए जनचेतना पदयात्रा निकालने का कार्यक्रम बनाया है। इसकी शुरुआत 22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से हुई थी। अब शहर और कैंट के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी यह अभियान चलाया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य पदयात्रा के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का है।

सपा नेताओं ने दिखाई एकजुटता

पदयात्रा में सपा नेता अनीस बेग भी समर्थकों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर पीडीए जनचेतना अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। बेरोजगारी, महंगाई और संविधान से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी जनता के बीच जा रही है। पीडीए की एकजुटता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *