30 नवंबर तक चलेगी प्रक्रिया, डीएम अविनाश सिंह ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी; पोर्टल पर दर्ज करना होगा परिवार का विवरण
बरेली। जनगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 16 नवंबर से जनगणना के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू होगी। इसके माध्यम से लोग घर बैठे ही अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी।
डीएम ने दी स्व-गणना की जानकारी
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि स्व-गणना के तहत परिवार के सदस्य स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपना और परिवार के अन्य सदस्यों का विवरण भर सकेंगे। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है, ताकि लोग आसानी से इसमें भागीदारी कर सकें।
मास्टर ट्रेनर ने समझाया पूरा तरीका
पत्रकार वार्ता के दौरान मास्टर ट्रेनर ने स्व-गणना की प्रक्रिया का विस्तार से प्रदर्शन किया। उन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण से लेकर परिवार का विवरण दर्ज करने तक की जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन प्रक्रिया के इस्तेमाल और इसके विभिन्न चरणों को समझाया, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के स्वयं अपना विवरण भर सकें।
मीडिया से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और लोगों को ऑनलाइन विवरण भरने के प्रति जागरूक करने की अपील की। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक परिवार स्व-गणना में हिस्सा लेकर जनगणना की प्रक्रिया में सहयोग करें।