google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSमृतक रवि कश्यप का फाइल फोटो।

बरेली। घर की अलमारी से साड़ी निकाली, मां ने देखा तो पीछे दौड़ी, लेकिन बेटा अंधेरे में ओझल हो गया। कुछ देर बाद जो मंजर सामने आया, उसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। रवि कश्यप का शव पड़ोस की छत के सहारे बिजली के पोल से लटका मिला। उसने साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अलमारी से साड़ी निकालकर निकला था घर से

किला थाना क्षेत्र के रेती मोहल्ला जसौली निवासी 18 वर्षीय रवि के पिता दिनेश ने बताया कि बुधवार रात उनका बेटा अचानक घर की अलमारी से साड़ी निकालकर ले गया था। मां जानकी की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने पूछताछ की। बेटे की हरकत संदिग्ध लगी तो वह उसके पीछे भी गईं, लेकिन रवि अंधेरे का फायदा उठाकर कहीं छिप गया। परिजनों को उस वक्त अंदाजा भी नहीं था कि वह इतना खौफनाक कदम उठा लेगा।

पड़ोस की छत के सहारे बिजली के पोल तक पहुंचा

परिजन रवि को तलाश ही रहे थे कि कुछ देर बाद पड़ोस की छत के सहारे बिजली के पोल से उसका शव लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर से साड़ी लेकर निकले रवि ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई।

पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था रवि

रवि पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और ट्रक चालक का काम करता था। जिस बेटे से परिवार को सबसे ज्यादा उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत ने माता-पिता और भाई-बहनों को तोड़कर रख दिया। जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजन बदहवास नजर आए। मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि रवि ने जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया।

आत्महत्या की वजह बनी पहेली

18 साल की उम्र में रवि ने मौत को गले क्यों लगाया, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। परिवार की ओर से भी फिलहाल कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *