google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSघटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य जुटाती पुलिस

पीलीभीत। जिले के बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर शनिवार सुबह सड़क किनारे खाई में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरखेड़ा थाना क्षेत्र के मसीत गांव निवासी 27 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई है। वह जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। शव के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी खाई में पड़ी मिली। परिजनों ने हत्या कर शव खाई में फेंके जाने की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

शुक्रवार शाम घर से निकले थे राजवीर, रातभर तलाशते रहे परिजन

मसीत गांव निवासी शांति स्वरूप के बेटे राजवीर जहानाबाद पुल पर सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात थे। उनके पिता भी इसी पुल पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे राजवीर ड्यूटी पूरी करने के बाद बरखेड़ा बाजार से सामान खरीदने की बात कहकर निकले थे। बताया जा रहा है कि राजवीर के साथ दौलतपुर निवासी एक युवक भी था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। देर रात तक राजवीर के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी युवक की तलाश में जुट गई।

सुबह छह बजे पिता को खाई में मिला बेटे का शव

शनिवार सुबह करीब छह बजे राजवीर के पिता शांति स्वरूप बेटे की तलाश करते हुए बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर भोपतपुर ईंट भट्ठे के आगे पहुंचे। यहां भोपतपुर और प्रताप डंडी के बीच सड़क किनारे खाई में राजवीर का शव पड़ा मिला। कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल भी खाई में पड़ी थी। बेटे का शव देखकर पिता के होश उड़ गए। घटनास्थल मृतक के गांव से करीब चार किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच की मांग

राजवीर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पिता शांति स्वरूप और ताऊ गणेश प्रसाद ने आशंका जताई है कि राजवीर की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे खाई में फेंका गया है। परिजनों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस राजवीर के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों और उनके साथ बताए जा रहे युवक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

चार साल पहले हुई थी शादी, दो भाइयों में बड़े थे राजवीर

परिजनों के अनुसार, राजवीर की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी पिछले तीन साल से अधिक समय से मायके में रह रही हैं। राजवीर दो भाइयों में बड़े थे, जबकि छोटा भाई जितेंद्र घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। राजवीर की अचानक मौत से परिवार के सदस्य सदमे में हैं।

पुलिस को सड़क हादसे की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

मामले में सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत सड़क दुर्घटना के कारण होने की आशंका है। हालांकि, परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि राजवीर की मौत सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *