बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने थानेदारों के कामकाज का हिसाब लिया तो नौ को इनाम मिला और नौ को चेतावनी। गैरजमानती वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए सात दिन के अभियान में कुछ थानेदारों ने शानदार काम किया, तो कुछ उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। एसएसपी ने बेहतर काम करने वाले नौ थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर शाबाशी दी, जबकि खराब प्रदर्शन करने वाले नौ थानेदारों की व्यक्तिगत फाइल में चेतावनी दर्ज करा दी। इतना ही नहीं, उन्हें दोबारा एक सप्ताह का अभियान चलाकर काम दिखाने के निर्देश भी दिए। इस अभियान में पुलिस ने 167 वारंटियों को गिरफ्तार किया और कुल 341 गैरजमानती वारंटों का निपटारा किया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने 25 से 31 अक्टूबर तक जिले में वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया था। सभी थानेदारों को निर्देश थे कि अदालत से जारी गैरजमानती वारंटों पर तेजी से कार्रवाई की जाए। सात दिन तक पुलिस वारंटियों की तलाश में जुटी रही। इस दौरान 167 वारंटी पुलिस के हाथ लगे। एसएसपी हर दिन थानों से कार्रवाई का हिसाब भी लेते रहे। अभियान में एक हैरान करने वाली बात भी सामने आई। जिन लोगों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी थे, उनमें 90 की पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं, 26 वारंटी पहले से जेल में बंद मिले। इसके अलावा 58 लोगों ने अदालत में पेश होकर अपने गिरफ्तारी वारंट वापस करा लिए। इस तरह पुलिस ने सात दिन में कुल 341 गैरजमानती वारंटों का निपटारा किया।
इन नौ थानेदारों ने जीता SSP का दिल, मिले प्रशस्ति पत्र
अभियान की रिपोर्ट में प्रेमनगर, सुभाषनगर, देवरनियां, शीशगढ़, शेरगढ़, नवाबगंज, फतेहगंज पश्चिमी, आंवला और भमोरा थाने का प्रदर्शन बेहतर मिला। एसएसपी अनुराग आर्य ने इन नौ थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी हौसला अफजाई की। इन थानों की पुलिस ने वारंटों के निपटारे में अच्छा काम किया, जिसका इनाम उनके प्रभारियों को मिला।
कोतवाली-कैंट समेत नौ थानेदार फिसड्डी, SSP ने दी चेतावनी
दूसरी तरफ कोतवाली, कैंट, इज्जतनगर, महिला थाना, हाफिजगंज, भोजीपुरा, अलीगंज, बिशारतगंज और सिरौली थाने का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। एसएसपी ने इन नौ थाना प्रभारियों को चेतावनी दी है। खास बात यह है कि चेतावनी उनकी व्यक्तिगत फाइल में दर्ज की गई है। साथ ही उन्हें एक सप्ताह तक दोबारा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
SSP का संदेश, अच्छा काम करोगे तो सम्मान मिलेगा
एसएसपी अनुराग आर्य की इस कार्रवाई से थानेदारों को संदेश मिला है कि अच्छा काम करने वालों की तारीफ होगी और काम में ढिलाई बरतने वालों से जवाब मांगा जाएगा। एसएसपी ने कमजोर प्रदर्शन वाले नौ थाना प्रभारियों को फिर से अभियान चलाकर वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी की समीक्षा के बाद अब उन नौ थानेदारों की मुश्किल बढ़ गई है, जिन्हें चेतावनी मिली है। उन्हें फिर से एक सप्ताह का मौका दिया गया है। इस दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निपटारे पर जोर देना होगा।