बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में वारंट लेकर दो भाइयों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। तिलियापुर गांव में पुलिस ने एक भाई को हिरासत में लिया तो परिवार के लोग भड़क गए। आरोप है कि परिजनों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और दूसरे भाई को मौके से भगा दिया। इतना ही नहीं, हिरासत में लिए गए आरोपी को भी छुड़ाने की कोशिश की गई। हंगामा बढ़ने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव निवासी लईक और भोला पुत्र सफरुद्दीन उर्फ सिपहिया के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। शुक्रवार देर रात दरोगा पवन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ दोनों भाइयों को गिरफ्तार करने गांव पहुंचे। इस दौरान भोला घर पर मौजूद मिला। पुलिस ने उसे वारंट की जानकारी देकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके भाई लईक को पकड़ने का प्रयास किया तो परिवार के लोग विरोध पर उतर आए। पुलिस के मुताबिक, लईक की पत्नी कुबरा और परिवार के अन्य सदस्यों ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और अभद्रता होने लगी। इसी बीच परिजनों ने लईक को मौके से भगा दिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस हिरासत में मौजूद भोला को भी छुड़ाने का प्रयास किया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरातफरी मच गई।
थाने से बुलाना पड़ा अतिरिक्त फोर्स, भोला को सुरक्षित निकाला
पुलिस टीम के साथ मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और हिरासत में लिए गए भोला को सुरक्षित थाने पहुंचाया। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तिलियापुर निवासी राशिद (24), जाहिद (26), शाहिद (19), अजहर (22) और इनके पिता साबिर (58) को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गौतारा गांव निवासी इमरान (20) को भी पकड़ा गया। वहीं, वारंट के आधार पर पहले ही हिरासत में लिए गए भोला (35) को मिलाकर पुलिस ने कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है।
12 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा, दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने भोला समेत 12 आरोपियों के खिलाफ सीबीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर पुलिस से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, बलवा और अन्य आरोपों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राशिद के खिलाफ वर्ष 2023 में कैंट थाने में दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, भोला के खिलाफ वर्ष 2008 में सीबीगंज थाने में मारपीट का मामला दर्ज है। सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस को चकमा देकर मौके से भागे वारंटी लईक की गिरफ्तारी का पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।