बरेली। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीर बहोडा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, फार्मेसी, वार्ड और अन्य व्यवस्थाओं को देखा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी कक्ष से हुई। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. विधि सिंह से मरीजों की जानकारी ली गई। बताया गया कि निरीक्षण के समय तक 50 मरीजों का इलाज किया जा चुका था। इसके बाद उप मुख्यमंत्री फार्मेसी कक्ष पहुंचे, जहां दवाओं के रख-रखाव को देखकर उन्होंने संतोष जताया और फार्मासिस्ट विरेश कुमार के कार्य की सराहना की।
कोल्ड चेन कक्ष में रखी गई वैक्सीन के रख-रखाव की भी जानकारी ली गई। व्यवस्थाएं ठीक मिलने पर उप मुख्यमंत्री ने यहां भी संतोष व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने वार्ड का निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई और अन्य इंतजाम बेहतर पाए गए।
निरीक्षण के अंत में स्वास्थ्य केंद्र की छत पर सफाई व्यवस्था को देखा गया, जिसे उचित बताया गया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अजमेर सिंह, अर्बन को-ऑर्डिनेटर अकबर हुसैन सहित स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा।
निरीक्षण के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह मेहनत और लगन से काम करते रहें, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें।