google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
NEW DELHIदीपिंदर गोयल TEMPLE को 6 कलर वेरिएंट में लॉन्च करेंगे

नई दिल्ली। जोमैटो के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल का ब्रेन मॉनिटरिंग गैजेट TEMPLE इन दिनों चर्चा में है। माथे पर लगाने वाला यह डिवाइस ब्रेन में ब्लड फ्लो यानी रक्त प्रवाह को ट्रैक करने के लिए विकसित किया गया है। अब इसकी कीमत का खुलासा हो गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, TEMPLE की कीमत 85,000 रुपये होगी। कंपनी के पहले बैच के लिए प्री-ऑर्डर 1 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहे हैं।

85 हजार रुपये में लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी

TEMPLE की कीमत से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक अर्ली-बर्ड इनवाइट के जरिए सामने आई है। इस इनवाइट के मुताबिक, डिवाइस की कीमत 85,000 रुपये रखी गई है। खास बात यह है कि इस कीमत में लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी शामिल होगा। कंपनी पहले चरण में सीमित संख्या में डिवाइस उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। शुरुआती बैच को बैच 01 नाम दिया गया है। इनवाइट पाने वाले चुनिंदा यूजर्स TEMPLE ऐप के जरिए आधिकारिक प्री-ऑर्डर शुरू होने से पहले भी अपना डिवाइस बुक कर सकेंगे।

छह कलर वेरिएंट में आएगा TEMPLE

दीपिंदर गोयल के मुताबिक, TEMPLE को छह अलग-अलग रंगों में पेश किया जाएगा। इनमें ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड और ब्लैक मिरर जैसे विकल्प शामिल हैं। हालांकि, सभी रंगों की उपलब्धता और डिवाइस की डिलीवरी से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

स्मार्टवॉच से कैसे अलग है TEMPLE?

TEMPLE का काम करने का तरीका सामान्य स्मार्टवॉच और फिटनेस ट्रैकर से अलग है। जहां स्मार्टवॉच आमतौर पर हृदय गति, कदमों की संख्या और नींद जैसी गतिविधियों को ट्रैक करती हैं, वहीं TEMPLE को मस्तिष्क में रक्त प्रवाह की निगरानी के लिए विकसित किया गया है।
दीपिंदर गोयल ने इस तकनीक को ‘ब्रेन फ्लो’ नाम दिया है। इसका उद्देश्य ब्रेन में होने वाले ब्लड फ्लो से जुड़े बदलावों को ट्रैक करना है। हालांकि, डिवाइस के माप कितने सटीक हैं और उनका स्वास्थ्य संबंधी आकलन में किस तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा, इसे लेकर विस्तृत तकनीकी जानकारी और स्वतंत्र वैज्ञानिक प्रमाणों का इंतजार करना होगा।

पीवी सिंधु भी पहन चुकी हैं यह डिवाइस

TEMPLE को दीपिंदर गोयल कई मौकों पर पहने हुए नजर आ चुके हैं। इसके अलावा, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी एक लाइव मैच के दौरान इस डिवाइस को पहने दिखाई दी थीं। इसके बाद से ही इस गैजेट को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। 85,000 रुपये की शुरुआती कीमत और ब्रेन ब्लड फ्लो ट्रैक करने की तकनीक के कारण TEMPLE प्रीमियम वियरेबल डिवाइस की श्रेणी में आता है। अब देखना होगा कि इसके शुरुआती बैच को ग्राहकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *