प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने पर जोर, ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से लोगों को जोड़ने की तैयारी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्ययोजना को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और शासन से लेकर जनपद स्तर तक समन्वय व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय में बनेगा कंट्रोल रूम
सीएम योगी ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर स्पष्ट समन्वय व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से अभियान की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। अभियान की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराई जाएगी।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ किया जाए। इसके तहत प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में विशेष दीप प्रज्वलन कराया जाएगा।
इसी अवसर पर दिव्यांगजन के लिए कृत्रिम अंग और अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित करने की भी व्यवस्था की जाएगी।
‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे। स्वस्थ बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
वहीं, कुपोषण से सुपोषण की स्थिति तक पहुंचने वाले बच्चों की माताओं को सम्मानित किया जाएगा। बेहतर कार्य करने वाली आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को भी सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इनोवेशन चैलेंज में यूपी की मजबूत भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में उत्तर प्रदेश की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, महाराष्ट्र और गुजरात में प्रस्तावित पांच प्रमुख केंद्रों पर होने वाले आयोजनों में प्रदेश के युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘पंचायत से पार्लियामेंट’ थीम पर होगा जनसेवा महाकुंभ
अभियान के समापन चरण में 17 अक्टूबर को ‘पंचायत से पार्लियामेंट’ थीम पर ‘जनसेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की मजबूत और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
10 सितंबर तक पूरी करनी होगी प्रारंभिक तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय कार्ययोजना के अनुसार अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। 10 सितंबर तक कार्ययोजना तैयार करने, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठकें आयोजित करने तथा डेटा-बैंक और लाभार्थी सूचियों की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जाए। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के साथ नागरिकों को राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।