bareilly

बरेली। कैनबिज इंडस्ट्रीज लिमिटेड से जुड़े करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। कंपनी के सीईओ और 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर कन्हैया गुलाटी के करीबी विशाल शर्मा और विनय श्रीवास्तव को पुलिस ने सोमवार शाम रहपुरा अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों कंपनी से जुड़े 44 लोगों के उस कोर ग्रुप में शामिल हैं, जो कन्हैया गुलाटी के बेहद करीब रहा है। विशाल ने करीब 80 लाख और विनय ने करीब 60 लाख रुपये दूसरे लोगों से कंपनी में निवेश कराए थे।

13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। पुलिस ने वीडियो की जांच की तो उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान आलोक नगर, एयरफोर्स गेट निवासी विशाल शर्मा और गोरखपुर की कौवा बाग रेलवे कॉलोनी निवासी विनय श्रीवास्तव के रूप में हुई। इसके बाद बरेली रेंज की साइबर टीम और जिले की सर्विलांस सेल दोनों की तलाश में जुट गई। पुलिस के मुताबिक सुरागरसी और लोकेशन ट्रेस करने के बाद रविवार शाम दोनों को फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के रहपुरा अंडरपास से पकड़ लिया गया।

विशाल पर पहले से दो मामलों में वांछित होने का दावा

पुलिस के अनुसार विशाल शर्मा इज्जतनगर थाने और साइबर थाने में दर्ज मुकदमे में पहले से वांछित था। वहीं फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज मुकदमे में विशाल और विनय दोनों की तलाश की जा रही थी। विशाल शर्मा ने अन्य लोगों के करीब 80 लाख रुपये, जबकि विनय श्रीवास्तव ने करीब 60 लाख रुपये कैनबिज में निवेश कराए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों से वायरल वीडियो को लेकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वीडियो कई महीने पुराना है। वीडियो में किए गए दावों को लेकर उनका कहना था कि उन्होंने कन्हैया गुलाटी पर प्रभाव बनाकर अपना पैसा वापस लेने के लिए ऐसी बातें कही थीं। वीडियो उनके ही किसी साथी ने अब सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस दोनों से वीडियो और कैनबिज नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

कन्हैया गुलाटी पर अब तक 98 मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कैनबिज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीईओ कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों के खिलाफ नवंबर 2025 से अब तक अकेले बरेली में 93 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। इसके अलावा बदायूं में तीन और अंबेडकरनगर व बस्ती में एक-एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार बिहार और झारखंड में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। इस तरह नवंबर 2025 से अब तक मुकदमों की संख्या 98 तक पहुंच चुकी है। बरेली पुलिस ने कन्हैया गुलाटी को हिस्ट्रीशीटर घोषित कर रखा है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 18बी है। उसकी गिरफ्तारी पर पहले एसएसपी स्तर से 25 हजार रुपये और बाद में डीआईजी स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

तीन मामलों में गिरफ्तारी वारंट, 19 की जांच अभी जारी

एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार बारादरी थाने में दर्ज दो और किला थाने में दर्ज एक मुकदमे में कन्हैया गुलाटी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी हासिल किया जा चुका है। वर्तमान में बरेली में उससे और उसके साथियों से जुड़े 19 मुकदमों की विवेचना जारी है। अब विशाल शर्मा और विनय श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच कन्हैया गुलाटी के कथित कोर नेटवर्क पर केंद्रित हो गई है। दोनों से पूछताछ में मिलने वाली जानकारी के आधार पर इस मामले में आगे और कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *