bareillyएआई से बनाई गई फोटो।

बरेली। सीबीगंज में सुप्रीम कोर्ट की महिला अधिवक्ता ने एक युवक पर पीछा करने और लगातार कॉल-मैसेज भेजकर परेशान करने का आरोप लगा है। जून से चल रहे इस सिलसिले के बाद पीड़िता ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर ब्लॉक किए जाने और परिवार की ओर से युवक को समझाए जाने के बाद भी उसकी हरकतें नहीं रुकीं।

पीड़ित महिला अधिवक्ता के मुताबिक, सीबीगंज निवासी गोविन्द उपाध्याय जून 2026 से उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक फेसबुक मैसेंजर, लिंक्डइन समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर बार-बार मैसेज भेजता था। परेशान होकर पीड़िता ने उसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ब्लॉक कराया, लेकिन इसके बाद भी युवक ने कॉल और ईमेल के जरिए संपर्क करना जारी रखा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब भी वह किसी काम से घर से बाहर निकलती थीं, युवक कई बार उनका पीछा कर चुका है। लगातार बढ़ती परेशानी के बाद उन्होंने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद जुलाई में उनके पिता ने युवक के घर पहुंचकर उसके पिता से शिकायत की।

परिवार ने समझाया, फिर भी नहीं थमा सिलसिला

पीड़िता के मुताबिक, युवक के पिता के समझाने के बाद कुछ दिन तक वह शांत रहा, लेकिन इसके बाद दोबारा कॉल और ईमेल-मैसेज करने लगा। पीड़िता के ताऊ विजय गुप्ता ने भी युवक के पिता से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उसकी हरकतों पर रोक नहीं लगी। पीड़िता ने बताया कि 26 अगस्त को रक्षाबंधन के लिए वह सीबीगंज स्थित अपने घर आई थीं। आरोप है कि उन्हें घर पर देखकर युवक ने एक के बाद एक दर्जनों कॉल किए और ईमेल-मैसेज भेजे।

डर के साए में जी रही महिला अधिवक्ता

पीड़िता का कहना है कि युवक की लगातार हरकतों के कारण वह मानसिक तनाव में हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है और आरोपी के डर की वजह से घर से बाहर निकलने में भी परेशानी हो रही है। मामले में पीड़िता ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि लगातार विरोध के कारण आरोपी उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है। अब पुलिस दर्ज रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *