UP NEWSरोहिली टोला में बारिश के बीच ढहा 100 साल पुराने मंदिर का जर्जर हिस्सा।

बरेली। शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बारादरी थाना क्षेत्र के रोहिली टोला में रविवार शाम बड़ा हादसा टल गया। सुनारों वाली गली स्थित ठाकुर जी विराजमान मंदिर की जर्जर दीवार और लिंटर का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बारिश से कमजोर हुआ जर्जर हिस्सा

घटना शाम करीब सात बजे की बताई गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर का भवन काफी पुराना है और उसका कुछ हिस्सा पहले से जर्जर था। लगातार बारिश के कारण दीवार और लिंटर कमजोर हो गए। अचानक एक हिस्सा ढहने से गली में मलबा फैल गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और डायल 112 पर सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर मलबा गिरा, वहां सामान्य दिनों में लोगों की आवाजाही रहती है और बच्चे भी आसपास खेलते हैं। बारिश के कारण लोग घरों में थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पार्षद बोले- पहले भी दी थी जर्जर भवनों की जानकारी

वार्ड-53 रोहिली टोला के पार्षद अरविंद वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कई भवन जर्जर हालत में हैं। इनके संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को पहले भी जानकारी दी जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम ऐसे भवनों का तत्काल सर्वे कर उन्हें चिह्नित करे और भवन स्वामियों को नियमानुसार नोटिस देकर आवश्यक कार्रवाई कराए। पार्षद के मुताबिक ठाकुर जी विराजमान मंदिर 100 वर्ष से अधिक पुराना है। उन्होंने बताया कि बचपन में वह इसी परिसर में संचालित गरिमा शिक्षा केंद्र में पढ़े थे। उन्होंने मंदिर समिति से भवन के जीर्णोद्धार की दिशा में पहल करने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि संपत्ति सरकारी है तो संबंधित विभाग इसकी स्थिति की जांच कर जरूरी कदम उठाए।

लगातार बारिश ने बढ़ाई जर्जर भवनों की चिंता

पार्षद ने क्षेत्र के खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा होने की समस्या भी उठाई और लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं डालने की अपील की। वहीं, लगातार बारिश के बीच मंदिर का हिस्सा गिरने के बाद क्षेत्र के अन्य जर्जर भवनों को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से समय रहते ऐसे भवनों की जांच और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *