bareillyजानकारी देतीं पिंकी, किरन और कीर्ति।

बरेली। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने की खुशी इस बार बहनों के चेहरों पर कुछ ज्यादा ही नजर आई। योगी सरकार की ओर से तीन दिन तक सरकारी बसों में दी गई निशुल्क यात्रा की सुविधा ने त्योहार के सफर को न सिर्फ आसान बनाया, बल्कि किराये की चिंता भी दूर कर दी। बरेली से शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत समेत विभिन्न रूटों पर बड़ी संख्या में महिलाएं मुफ्त सफर का लाभ लेकर भाइयों के घर पहुंचीं। बसों में जीरो प्राइस टिकट हाथ में आते ही महिलाओं के चेहरे खिल उठे। कई महिलाओं ने इस पहल को रक्षाबंधन पर सरकार का यादगार तोहफा बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

मुफ्त टिकट मिला तो खिल उठे चेहरे

रक्षाबंधन के दौरान बस अड्डों पर सुबह से ही महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ दिखाई दी। कोई मायके जाने के लिए बच्चों के साथ पहुंची तो कोई राखी और मिठाई लेकर भाई के घर जाने को उत्साहित नजर आई। रोडवेज बसों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा के लिए जीरो प्राइस टिकट जारी किए गए। टिकट के लिए रुपये नहीं देने पड़े तो महिलाओं में अलग ही खुशी दिखाई दी। महंगाई के बीच त्योहार पर आने-जाने का खर्च बचने से खासकर मध्यमवर्गीय और ग्रामीण परिवारों की महिलाओं को राहत मिली।

शाहजहांपुर गईं किरन ने कहा कि बहनों का रखा गया ख्याल

इज्जतनगर निवासी किरन रक्षाबंधन पर अपने पैतृक घर शाहजहांपुर के निगोही जाने के लिए निकलीं। उन्होंने बताया कि त्योहार की भीड़ के बावजूद बस के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। बस में बैठने के बाद निशुल्क टिकट मिला तो उनकी खुशी और बढ़ गई। किरन ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को इस तरह की सुविधा मिलना बेहद सुखद अनुभव है। किराये की चिंता किए बिना वह अपने भाई के पास पहुंच सकीं। उन्होंने महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की भी सराहना की।

बदायूं पहुंचीं कीर्ति, बोली, त्योहार की खुशी हुई दोगुनी

सिटी रेलवे कॉलोनी निवासी कीर्ति भी भाई को राखी बांधने के लिए रोडवेज बस से बदायूं पहुंचीं। मुफ्त सफर से प्रसन्न कीर्ति ने कहा कि रक्षाबंधन पर सरकार का फैसला महिलाओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया। बस अड्डे पर भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं बेहतर नजर आईं और सफर में कोई खास परेशानी नहीं हुई। किराया बचने के साथ सुरक्षित तरीके से भाई के घर पहुंचने की खुशी ने त्योहार का उत्साह दोगुना कर दिया। उन्होंने इस पहल के लिए योगी सरकार की सराहना की।

पीलीभीत रूट पर भी बहनों में दिखा उत्साह

पीलीभीत की अशोक कॉलोनी निवासी पिंकी भी सरकारी बस से बरेली पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बसों की उपलब्धता अच्छी होने के कारण ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा। निशुल्क यात्रा का टिकट मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि त्योहार पर इस तरह की सुविधा महिलाओं के लिए काफी मददगार है। खासकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाली महिलाओं के लिए इससे यात्रा खर्च का बोझ कम हुआ।

अतिरिक्त बसों और सुरक्षा इंतजाम ने आसान किया सफर

रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई। प्रमुख रूटों पर बसों के संचालन पर नजर रखी गई, जबकि बस अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था भी रही। इसका असर यह रहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं के निकलने के बावजूद उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिली।रक्षाबंधन पर योगी सरकार की मुफ्त बस यात्रा केवल किराया बचाने की सुविधा बनकर नहीं रही। बहनों के लिए यह त्योहार की खुशी में राहत का एक और रंग जोड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *