बदायूं। रक्षाबंधन पर अपनों के बीच खुशियां बांटकर दिल्ली लौट रहे बदायूं के पांच युवकों का सफर मातम में बदल गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में रविवार आधी रात उनकी थार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सवार दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव मेवली निवासी सगे भाई जसवीर (25) और जसवंत (20) पुत्र होतीलाल, बिल्सी क्षेत्र के गांव पालपुर निवासी जोगिंदर उर्फ कल्लू (26) पुत्र झाझन, इस्लामनगर क्षेत्र के गांव पुरदलपुर निवासी रवि (20) पुत्र चरन सिंह और पालपुर निवासी विष्णु (17) पुत्र गिरिराज दिल्ली में काम करते थे। रक्षाबंधन के त्योहार पर सभी अपने घर आए थे। त्योहार बीतने के बाद पांचों थार से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रविवार रात करीब 12 बजे थार हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क पर कई बार पलटी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर और पलटियों की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।
राहगीरों ने देखा मंजर, पुलिस ने कार से निकाले युवक
हादसा देखकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल विष्णु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे। त्योहार की छुट्टी मिलने पर अपने-अपने परिवारों के बीच रक्षाबंधन मनाने बदायूं आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि दिल्ली लौटने का यह सफर चार परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ जाएगा।
गांव पहुंचे शव तो मचा चीत्कार, मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां
हादसे की खबर रात में ही परिवारों तक पहुंची तो कोहराम मच गया। सोमवार को शव गांव पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से मेवली गांव में मातम पसर गया। वहीं पालपुर और पुरदलपुर में भी युवकों की मौत से परिवारों में चीत्कार मची रही। कुछ घंटे पहले जिन घरों में रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। थार की रफ्तार हादसे के समय करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा होने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। एक्सप्रेसवे पर कार के अचानक बेकाबू होने और कई बार पलटने की वजह भी तलाशी जा रही है।