बरेली। सीबीगंज में एक युवती ने अपने प्रेमी को फंसाने के लिए उसकी इंस्टाग्राम आईडी का इस्तेमाल कर खुद को धमकी भरे मैसेज भेज दिए। इतना ही नहीं, एआई से तैयार फोटो भी भेजे गए। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत कर दी। मामले की जांच शुरू हुई तो कहानी ही पलट गई। युवक ने अपनी इंस्टाग्राम गतिविधियों और जुड़े ईमेल की जानकारी जुटाकर एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। जांच में सामने आया कि युवक की इंस्टाग्राम आईडी पर युवती के ईमेल से पहले भी लॉगिन किया गया था। एसएसपी के आदेश पर सीबीगंज पुलिस ने युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीबीगंज के अमन घिल्डियाल ने पुलिस को बताया कि वह और पड़ोस की मिताली गुप्ता पिछले कुछ वर्षों से आपसी सहमति से रिश्ते में थे। इसी दौरान मिताली के पास उसके इंस्टाग्राम खाते का एक्सेस भी था। बाद में युवक के खिलाफ थाने में शिकायत पहुंची कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी से मिताली और उसकी बहन को धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं।
खाते में मिला दूसरे ईमेल का कनेक्शन
अमन ने जब अपना इंस्टाग्राम खाता खोला तो उससे जुड़ा एक ईमेल मिला, जो उसका नहीं था। खाते को दोबारा अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की तो ओटीपी उसी ईमेल पर जा रहा था। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम की गतिविधियों की जांच की। इसमें मिताली के नाम से जुड़े ईमेल से उसके खाते में पहले लॉगिन किए जाने की जानकारी सामने आई।
युवक ने जताई खुद को फंसाने की आशंका
अमन का आरोप है कि उसके इंस्टाग्राम खाते में पहुंच रखने वाली मिताली ने ही उसकी आईडी से खुद को धमकी भरे संदेश भेजे और बाद में उन्हें उसके खिलाफ इस्तेमाल किया। उसका कहना है कि भविष्य में भी इसी तरह उसके खाते से गलत संदेश भेजकर उसे फंसाया जा सकता है। उसने पुलिस से खाते की लॉगिन गतिविधि, आईपी पता, आईएमईआई नंबर और पोर्ट नंबर समेत अन्य तकनीकी जानकारी की जांच कराने की मांग की।
एसएसपी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में अमन ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर सीबीगंज पुलिस ने युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब इंस्टाग्राम खाते की लॉगिन हिस्ट्री, ईमेल कनेक्शन और अन्य साइबर साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच से ही साफ होगा कि धमकी भरे संदेश और फोटो किस डिवाइस से भेजे गए थे।