UP NEWSबरेली में 21 अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट।

बरेली। अपराधियों पर लगाम कसने के लिए बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के 12 थानों में 21 अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस रिकॉर्ड में इन लोगों के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी, गौकशी, पशु तस्करी, हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट और वाहन चोरी जैसे मामलों का जिक्र है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद संबंधित थानों की पुलिस अब इनकी गतिविधियों पर नजर रखेगी।

आंवला में सबसे ज्यादा चार नाम

आंवला थाने में चार लोगों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें लोकेंद्र यादव निवासी दशरथनगर, नदीम कुरैशी निवासी गंज कुरैशियान, तेजराम उर्फ तेजू निवासी अजुया और फिरोज निवासी गंज कुरैशियान शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, पशु क्रूरता व तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े मुकदमों का उल्लेख है।

भमोरा और शीशगढ़ में तीन-तीन पर कार्रवाई

भमोरा थाने में रामजी निवासी गौसगंज, डालचंद्र निवासी मिलक मझारा और धीरज वर्मा निवासी नवदिया की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनके खिलाफ हत्या और मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं। शीशगढ़ में अकील अहमद निवासी टांडा छंगा, जलीस अहमद निवासी कंचनकुआं और विशाल उर्फ बीना निवासी कुरैशीनगर पर कार्रवाई हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अकील के खिलाफ लूट और हत्या, जलीस के खिलाफ गौकशी और विशाल के खिलाफ गौकशी व लूट से जुड़े मामले हैं।

फरीदपुर और कैंट में भी दो-दो हिस्ट्रीशीटर

फरीदपुर थाने से मोहसिलिम निवासी मोहनपुर और रिजवान खां निवासी बेहटा की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े मुकदमों का रिकॉर्ड है। कैंट में मुकुल यादव और अनिकेत उर्फ नानू निवासी कान्हरपुर को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में मुकुल के खिलाफ लूट-मारपीट और अनिकेत के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

देवरनिया से गौकशी, शेरगढ़ से हत्या का मामला

देवरनिया थाने से परवेज उर्फ परवेश निवासी हाफिजगंज की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ गौकशी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शेरगढ़ में ओमप्रकाश निवासी मोहम्मदपुर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं।

बहेड़ी, नवाबगंज और किला में भी कार्रवाई

बहेड़ी में मो. शाकिर निवासी मोटा झंडा की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ पशु क्रूरता और तस्करी के मामले हैं। नवाबगंज में सूरजपाल उर्फ सूरज पाठक निवासी भट्ठा पहलवान पर कार्रवाई हुई है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। किला थाने में रिजवान निवासी डुंगनवां की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ बलवा और गौकशी से जुड़े मामलों का उल्लेख है।

शाही और अलीगंज में भी पुलिस की नजर

शाही थाने से इमरान निवासी आजमनगर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ चोरी से जुड़े मुकदमों का रिकॉर्ड है। अलीगंज में रामभरोसे निवासी कमालपुर को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। उसके खिलाफ चोरी और मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य बोले- अपराधियों पर रहेगी लगातार नजर

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि जिन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, उनकी गतिविधियों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार नजर रखेगी। आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मकसद अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए इलाके में अपराध पर रोक लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *