बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बरेली में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत रक्तदान और मरीजों की सेवा के साथ हुई। 300 बेडेड रीजनल अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 66 यूनिट रक्तदान किया गया।

अधिकारियों और डॉक्टरों ने किया रक्तदान

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बिसराम सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, सांसद छत्रपाल सिंह, विधायक डीसी वर्मा समेत कई अधिकारियों और चिकित्सकों ने रक्तदान किया। अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद अहम है। समय पर मिले रक्त से कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

शिविर में एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल, ज्वाइंट डायरेक्टर तेजपाल सिंह, एडी एसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित, सीएमएस महिला डॉ. त्रिभुवन सिंह, डीआईओ डॉ. प्रसाद रंजन, डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित, डॉ. लईक अहमद अंसारी, डॉ. पवन कपाई, डॉ. सुजिता गंगवार, डॉ. अजमेर सिंह, एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित दिनकर, डॉ. नैन सिंह, उपनगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चौधरी और डॉ. अकलेश्वर सिंह समेत अन्य चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में चलाया जाएगा। इस दौरान जिला मुख्यालय के साथ तहसील, ब्लॉक और गांव स्तर पर सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभियान के दौरान जरूरतमंदों की मदद और जनसेवा के लिए लगातार काम करने का संकल्प लिया।

पुरुष और महिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

अभियान के शुभारंभ के मौके पर अधिकारियों ने जिला पुरुष अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का भी दौरा किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बिसराम सिंह के साथ जिलाधिकारी, एडी एसआईसी, पुरुष एवं महिला अस्पताल के सीएमएस और डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने भर्ती मरीजों को फल वितरित किए, और मरीजों से उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *