बरेली। बरेली पुलिस ने अगस्त में गुम हुए 458 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 85 लाख रुपये है। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
CEIR ने दिखाई राह, IMEI से मोबाइल तक पहुंची पुलिस
गुम मोबाइलों को तलाशने में CEIR पोर्टल और सर्विलांस तकनीक पुलिस के लिए अहम साबित हुई। शिकायत मिलने के बाद मोबाइल के IMEI और उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई। फोन दोबारा इस्तेमाल में आने पर मिली तकनीकी जानकारी के सहारे पुलिस उन तक पहुंची और बरामदगी की गई। मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने उनके असली मालिकों का सत्यापन किया। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस लाइन बुलाकर फोन सौंप दिए गए।
गुम मोबाइल वापस दिलाना अभियान का मकसद
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने कहा कि गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। साइबर और सर्विलांस टीम तकनीक की मदद से मोबाइल ट्रैक कर रही है। अगस्त में 458 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया है। लोगों से अपील है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, IMEI नंबर सुरक्षित रखें और CEIR पोर्टल पर भी इसकी जानकारी दर्ज करें। इससे मोबाइल को ट्रैक करने में काफी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि गुम मोबाइल तलाशकर लोगों तक वापस पहुंचाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बहेड़ी ने मारी बाजी, अकेले 58 मोबाइल तलाशे
अगस्त की रिकवरी में बहेड़ी थाना सबसे आगे रहा। यहां पुलिस ने 58 गुम मोबाइल बरामद किए। सुभाषनगर और इज्जतनगर पुलिस ने 32-32 मोबाइल तलाशे, जबकि कैंट से 27 और कोतवाली क्षेत्र से 25 मोबाइल बरामद किए गए। बारादरी और आंवला पुलिस ने 24-24 मोबाइल खोजे, जबकि भमोरा पुलिस ने 23 मोबाइल बरामद किए। अन्य थाना क्षेत्रों की बरामदगी को मिलाकर अगस्त में यह आंकड़ा 458 तक पहुंच गया।
20 महीने में 13.10 करोड़ 6,638 मोबाइल खोजे
बरेली पुलिस के इस अभियान का आंकड़ा भी बड़ा है। जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक पुलिस कुल 6,638 गुम मोबाइल फोन तलाशकर बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 13.10 करोड़ रुपये बताई गई है। यानी औसतन हर महीने सैकड़ों ऐसे मोबाइल वापस लोगों तक पहुंचे, जिन्हें उनके मालिक लगभग खो चुका मान बैठे थे। अगस्त में ही 85 लाख रुपये कीमत के 458 मोबाइल की बरामदगी इस अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
फोन गुम हो जाए तो सिर्फ थाने के भरोसे न रहें, ये काम भी करें
एसपी क्राइम ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल गुम होने पर शिकायत करने में देरी न करें। फोन का IMEI नंबर अपने पास सुरक्षित रखें और दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इससे फोन के गलत इस्तेमाल को रोकने के साथ उसके दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय होने पर उसे तलाशने में मदद मिल सकती है।