बरेली। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा-भारत में बरेली के दो प्रमुख चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वरिष्ठ अधिवक्ता लवलेश पाठक और गंगा मंदिर के महंत रमेश चंद्र शुक्ला को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उत्तराखंड के रुद्रपुर में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापना के मौके पर आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने दोनों के नामों की घोषणा की। इसके बाद उन्हें मनोनयन पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप चौराहे पर भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित की गई। इस मौके पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग जुटे। समारोह के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने बरेली के अधिवक्ता लवलेश पाठक और महंत रमेश चंद्र शुक्ला को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने का ऐलान किया। दोनों को समाज के लिए किए गए रचनात्मक कार्यों और संगठन के प्रति योगदान को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने पटका पहनाकर किया सम्मानित
समारोह में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दोनों नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्षों को बधाई दी। उन्होंने लवलेश पाठक और रमेश चंद्र शुक्ला को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने कहा कि संगठन की असली ताकत समाज के लोगों का विश्वास है। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों से उम्मीद जताई कि वे समाज को एकजुट करने के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद लवलेश पाठक और रमेश चंद्र शुक्ला ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि देशभर में ब्राह्मण समाज को एकजुट करने और महासभा के विस्तार के लिए तन, मन और धन से काम करेंगे। समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
समारोह में जुटीं कई प्रमुख हस्तियां, समाज की एकजुटता पर दिया जोर
कार्यक्रम में विधायक राजकुमार शर्मा, विधायक शिव अरोरा, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, स्वामी नारायण चैतन्य महाराज, स्वामी सरस्वती महाराज, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बीएल पाठक, प्रदेश महामंत्री मुकेश शर्मा, मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा, उत्तराखंड के प्रदेश संरक्षक बीडी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष सरवन कुमार पांडे, वाराणसी के जिला संयोजक एसएस शुक्ला, रुद्रपुर प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा और प्रदेश सदस्य मीना शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रतिमा स्थापना समारोह में पहुंचे अतिथियों का उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा ने पटका पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। अतिथियों को भगवान परशुराम के चित्र भी भेंट किए गए। समारोह में समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया। वहीं, बरेली के दो प्रमुख लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से संगठन में जिले का प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है।