UP NEWSAI चित्र।

फरीदपुर। बालाजी प्लाईवुड फैक्ट्री से 13 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पिता ने फैक्ट्री मैनेजर समेत तीन लोगों पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। क्षेत्राधिकारी को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

पिता के मुताबिक, उनका परिवार करीब तीन महीने से हरियाली बाजार के पास नवादा वन स्थित बालाजी प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। 27 सितंबर की शाम करीब छह बजे उनकी बेटी फैक्ट्री से लापता हो गई। उन्होंने फैक्ट्री मैनेजर विष्णु, बंकनिया निवासी शिवम यादव और हसनापुर निवासी गुड्डू श्रीवास्तव पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि शिवम उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया।

बेटी के बारे में पूछा तो धमकाने का आरोप

पिता ने तहरीर में बताया कि बेटी के लापता होने के बाद उन्होंने थाने में प्रार्थनापत्र देकर उसकी बरामदगी की मांग की थी। आरोप है कि बाद में नामजद लोगों से बेटी के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

50 हजार रुपये और जेवर ले जाने की भी बात

तहरीर में पिता ने घर में रखे 50 हजार रुपये और सोने की चेन भी किशोरी के साथ ले जाए जाने की बात कही है। उन्होंने बेटी की बरामदगी के साथ रुपये और जेवर वापस दिलाने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार के निर्देश पर थाना पुलिस ने तीनों नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस किशोरी की तलाश करने के साथ आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *