bareillyनिरीक्षण करतीं एसपी साउथ और मौजूद अन्य अफसर।

बरेली। दिवाली से पहले बरेली में पटाखों के अवैध कारोबार और बारूद के असुरक्षित भंडारण को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। शनिवार को एसपी साउथ अंशिका वर्मा अचानक मीरगंज सर्किल में पटाखा कारोबारियों के निर्माण और भंडारण स्थलों पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने लाइसेंस से लेकर पटाखे रखने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम जांचे गये।

पुलिस का फोकस केवल पटाखों की बिक्री करने वाली दुकानों पर नहीं है। टीम ने उन स्थानों को भी जांच के दायरे में लिया, जहां लाइसेंस के आधार पर आतिशबाजी का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। लाइसेंस में कितनी मात्रा और किस तरह की आतिशबाजी रखने की अनुमति है, मौके पर उसका पालन हो रहा है या नहीं, इसे भी देखा गया। सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की गई।

बारूद के भंडारण में लापरवाही पर सीधे कार्रवाई

पटाखों के निर्माण और भंडारण में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। इसी को देखते हुए लाइसेंस धारकों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन सामने आया तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अचानक बड़ागांव चौकी पहुंचीं एसपी साउथ

पटाखा कारोबारियों के ठिकानों की जांच के बीच एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा सीओ मीरगंज अजय कुमार के साथ सिरौली थाना क्षेत्र की बड़ागांव पुलिस चौकी पर भी अचानक पहुंच गईं। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी परिसर का जायजा लेने के साथ अभिलेखों और पुलिस की व्यवस्थाओं को देखा। पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

लगातार खंगाले जाएंगे पटाखों के ठिकाने

पुलिस की यह कार्रवाई एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। जिले में अवैध तरीके से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों की तलाश के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। लाइसेंस धारकों के ठिकाने भी जांच के दायरे में रहेंगे। पुलिस की नजर खास तौर पर इस बात पर है कि लाइसेंस की आड़ में नियमों से ज्यादा पटाखों का निर्माण या असुरक्षित तरीके से बारूद का भंडारण तो नहीं किया जा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *