बरेली। बिथरी चैनपुर इलाके में दहेज को लेकर विवाहिता के साथ कथित तौर पर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विवाहिता ने ससुरालवालों पर कार की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और तीन माह का गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, देवर पर कमरे में घुसकर अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया है। विरोध करने पर ससुरालवालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। मामले में पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शादी के बाद शुरू हुई कार की मांग
विवाहिता के मुताबिक उसकी शादी 22 अक्टूबर 2023 को फरीदपुर क्षेत्र के जेड़ गांव निवासी गुड्डू उर्फ फिरासत से हुई थी। मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार बुलट मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान दहेज में दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालवालों ने कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को लगातार परेशान किया जाने लगा।
तीन माह की गर्भावस्था में कराया गर्भपात
विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद वह गर्भवती हो गई थी। वह करीब तीन माह की गर्भवती थी, तभी ससुरालवालों ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया। पीड़िता का कहना है कि गर्भपात से संबंधित रिपोर्ट भी उसके पास है। उसने पुलिस को दी शिकायत में इस घटना को भी मुकदमे का आधार बनाया है।
कमरे में अकेली थी महिला, तभी पहुंचा देवर
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 5 मार्च 2026 को वह घर में अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसका देवर उवैस कमरे में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। महिला ने विरोध किया तो देवर ने कथित तौर पर धमकाते हुए कहा कि उसका पति बाहर काम करने गया है और वह उसका कुछ नहीं कर सकती। महिला के शोर मचाने पर घर के अन्य लोग वहां पहुंच गए।
शोर सुनकर पहुंचे घरवाले, महिला से मारपीट
विवाहिता के मुताबिक शोर सुनकर सास जरीना, ससुर रियासत, ननद राजिया, इमरान, उसकी पत्नी रीना और खलिया सास शहाना वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मारपीट में उसके शरीर पर चोटें आईं। महिला का आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि अगर उसने मायके वालों को कुछ बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पति से शिकायत की तो भी नहीं मिली राहत
विवाहिता के पति के घर लौटने पर उसने पूरी घटना की शिकायत उससे की। आरोप है कि इसके बाद भी ससुरालवालों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया गया। जाते समय कथित तौर पर कहा गया कि जब वह मायके से कार के रुपये लेकर आएगी, तभी उसे वापस घर में रखा जाएगा।
पुलिस ने पति समेत आठ पर दर्ज किया केस
घटना के बाद विवाहिता बिथरी चैनपुर थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पति गुड्डू उर्फ फिरासत समेत आठ ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।