UP NEWSडंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा व मृतक का फाइल फोटो।

बरेली। रामनगर क्षेत्र में आंवला-शाहबाद मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार सिरौली निवासी बन्ने शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजनों ने बताया 65 वर्षीय बन्ने शाह बुधवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे ई-रिक्शा से सिंघाड़ा लेकर आंवला मंडी जा रहे थे। तभी संग्रामपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनके ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बन्ने शाह की मौके पर मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, चालक भाग निकला

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सड़क पर क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा पड़ा था और बन्ने शाह की मौत हो चुकी थी। इसी बीच डंपर चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।

ग्रामीण बोले- भारी वाहनों की रफ्तार बन रही जानलेवा

ग्रामीणों का कहना है कि आंवला-शाहबाद मार्ग पर डंपर और दूसरे भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। कई जगह वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रहता। इसके चलते इस मार्ग पर हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संग्रामपुर के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते वाहनों की गति नियंत्रित करने और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *