बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज के कक्षा 11 के छात्र कुलदीप ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। कुलदीप की इस उपलब्धि से विद्यालय और विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अंतर्गत गोरखपुर के सहजनवा में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कुलदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। कुलदीप वर्तमान में प्रशिक्षक अनिल सागर के मार्गदर्शन में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी सफलता पर शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बधाई दी है।
कुलपति बोले- खेलों में सफलता विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात
कुलदीप की उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की खेल उपलब्धियां किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए गर्व का विषय हैं। पढ़ाई के साथ खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाता है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। कुलदीप ने अपनी मेहनत और लगन से साबित किया है कि नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
प्रधानाचार्या ने सराहा कुलदीप का प्रदर्शन
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. विनीता प्रकाश ने कुलदीप को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सफलता पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। ऐसी उपलब्धियों से अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कुलदीप की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षक के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुलदीप की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी महिमा चंद, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों ने बधाई दी। वहीं विद्यालय की शिक्षिका डॉ. मनप्रीत कौर, डॉ. पुष्पलता सिंह, शिक्षक कुलदीप, अभिषेक, अनुज सहित समस्त विद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।