बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के गैनी झूनानगर गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम की जान चली गई। आंगन में खेलते-खेलते बच्चा घर से बाहर निकल गया और महज आठ कदम की दूरी पर बने करीब पांच फीट गहरे खुले नाले में जा गिरा। काफी देर बाद तलाश के दौरान वह नाले में मिला। परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मां बना रही थी खाना, आंगन में खेल रहा था सुनील
गैनी झूनानगर निवासी तेजपाल खेतीबाड़ी के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार सुबह करीब दस बजे उनका दो वर्षीय बेटा सुनील घर के आंगन में खेल रहा था। मां अनारकली खाना बना रही थीं, जबकि पिता सो रहे थे। इसी बीच खेलते-खेलते सुनील घर से बाहर निकल गया। घर के सामने खुला नाला था। आशंका है कि नाले के पास पहुंचने पर संतुलन बिगड़ने से वह उसमें गिर गया।
बेटे को घर में न देख मां ने शुरू की तलाश
खाना बनाने के बाद अनारकली ने बेटे को घर में नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों से भी उसके बारे में पूछा गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान तेजपाल की दुकान में किराये पर रहने वाले राहुल की नजर खुले नाले में पड़े सुनील पर पड़ी। उसने शोर मचाकर परिजनों को बुलाया। बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया।
मासूम को लेकर अस्पताल दौड़े परिजन
सुनील को नाले से निकालते ही परिजन उसे लेकर अलीगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गईं। परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच फीट गहरा नाला, ऊपर स्लैब तक नहीं
पिता तेजपाल ने बताया कि उनके घर से करीब आठ कदम की दूरी पर सड़क किनारे पिछले वर्ष नाले का निर्माण कराया गया था। करीब पांच फीट गहरे नाले को ऊपर से ढका नहीं गया है। स्लैब नहीं होने के कारण नाला पूरी तरह खुला है। परिजनों का कहना है कि यदि नाला ढका होता तो शायद मासूम की जान बच सकती थी।
दो बहनों का छोटा भाई था सुनील
तेजपाल के तीन बच्चों में सुनील सबसे छोटा था। उसकी दो बड़ी बहनें सोनम और प्रीति हैं। परिवार में उसकी नेत्रहीन दादी कमला भी हैं। दो साल के मासूम की अचानक मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी मातम पसरा है।