bareillyकार्यक्रम में मौजूद सपा नेता।

बरेली। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने पीडीए के जरिए कश्यप समाज को साधने की मुहिम तेज कर दी है। शनिवार को आयोजित कश्यप समाज की पीडीए चौपाल एवं कैडर सम्मेलन में सपा एमएलसी किरन पाल कश्यप ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कश्यप समाज पूरी तरह पीडीए के साथ खड़ा है और 2027 में भाजपा का सफाया कर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाएगा।

मुख्य अतिथि एमएलसी किरन पाल कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी के गठन के समय से ही वह पार्टी की विचारधारा के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा हमें टिकट मिले या न मिले, इसकी चिंता नहीं है। हमारे लिए पार्टी और उसकी विचारधारा सबसे ऊपर है। मेरा मान रखिए और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर अपने बच्चों का भविष्य बेहतर बनाइए। उन्होंने कहा कि भारत सभी धर्मों और वर्गों का देश है। हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। समाज को धर्म के नाम पर बांटने के बजाय शिक्षा, रोजगार, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर बात होनी चाहिए।

राम-निषादराज का जिक्र कर भाजपा पर साधा निशाना

किरन पाल कश्यप ने भगवान श्रीराम और निषादराज के संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के वनवास के दौरान निषादराज ने उनका स्वागत किया और नाव से नदी पार कराई थी। निषाद समाज की भगवान श्रीराम के प्रति आस्था सदियों पुरानी है। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और राम के नाम पर चंदे व चढ़ावे के मुद्दे को लेकर भी सवाल उठाए। कश्यप ने दावा किया कि जनता अब भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

शुभलेश यादव बोले- कश्यप समाज जो कहता है, करके दिखाता है

सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि कश्यप समाज जो कहता है, उसे पूरा करके दिखाता है। 2027 के चुनाव में यह समाज सपा को मजबूत करने और सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक अता-उर-रहमान ने कहा कि सम्मेलन में कश्यप समाज की बड़ी भागीदारी बता रही है कि समाज पीडीए के साथ खड़ा है। उन्होंने महंगाई और महंगी होती शिक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि 2027 में जनता इसका जवाब देगी।

सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया मिशन 2027 का संदेश

महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और सभी वर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। पूर्व विधायक विजय पाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने को कहा। कार्यक्रम के आयोजक एवं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज को पीडीए की विचारधारा से जोड़ने और संगठन मजबूत करने के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम किए जाएंगे। सम्मेलन का संचालन सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राकेश प्रजापति ने किया।

ये रहे मौजूद

सम्मेलन में पूर्व जिला महासचिव राजकुमार पाल, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, सुरेंद्र सोनकर, जितेंद्र मुंडे, पीयूष वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, धर्मपाल लोधी, आदेश यादव, नरेश सोलंकी, राजेश मौर्य, अनुज गंगवार, रामसेवक, जुल्फिकार अली बिट्टू, बृजेश श्रीवास्तव, दीपक बाल्मीकि, कमलेश ठाकुर, सीमा श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा, अतुल पराशरी, पन्ना लाल साहू, पप्पू कश्यप, संजीव कश्यप, नवीन कश्यप, टीकाराम कश्यप, मोहित कश्यप, राजवीर कश्यप, संतराम कश्यप, महेंद्र कश्यप, रामेंद्र कश्यप, जपला कश्यप और धर्मपाल कश्यप समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *