bareillyएआई से बनाई गई फोटो।

बरेली। ईद मिलादुन्नबी और उर्स-ए-शराफत मियां को लेकर बरेली में 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। शहर में भीड़ बढ़ने के साथ जाम की स्थिति न बने, इसके लिए 25 अगस्त की शाम छह बजे से भारी वाहनों और रोडवेज बसों के रूट बदल दिए जाएंगे। यह व्यवस्था 26 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगी।

मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा और सैटेलाइट तिराहे से शहर की ओर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। रामगंगा तिराहे से चौपला की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन अगर बरेली की ओर आ रहे हैं तो उन्हें झुमका तिराहे से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और बड़े बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्टनगर तक जाना होगा।

लखनऊ-बदायूं जाना है तो यह रूट पकड़ें

लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहे से विलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस होकर निकलना होगा। वापसी में भी यही रास्ता इस्तेमाल करना होगा। दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहन बदायूं जाना चाहते हैं तो बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होकर निकलेंगे। वापसी भी इसी रास्ते से होगी।

रोडवेज बसें सैटेलाइट तक पहुंचेंगी

दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाली रोडवेज बसों के लिए भी 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होकर सैटेलाइट पहुंचने का रास्ता तय किया गया है। वहीं बरेली से बदायूं की तरफ जाने वाली बसें वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होकर चलेंगी। इसी रास्ते से बसों की वापसी भी होगी।

जुलूस के दौरान भीड़ बढ़ी तो इन इलाकों में भी वाहन बंद

जुलूस के दौरान अगर भीड़ ज्यादा बढ़ती है तो सिर्फ भारी वाहन ही नहीं, चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा भी कई रास्तों पर रोक दिए जाएंगे। अशोक नगर तिराहा, सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर और मठ की चौकी, श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नावल्टी की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद की जा सकती है।

जाम से बचना है तो रूट देखकर निकलें

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने लोगों से अपील की है कि 25 अगस्त की शाम से लागू होने वाले डायवर्जन को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें। जुलूस के दौरान भीड़ वाले रास्तों पर जाने से बचें और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें, ताकि लोगों को जाम और ट्रैफिक की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *