bareillyघर के बाहर नोटिस चस्पा करती टीम।

बरेली। इज्जतनगर के बिहार मान नगला में बिना कनेक्शन कटिया डालकर चार एसी, चार गीजर और दूसरे उपकरण चलाए जा रहे थे। मंगलवार सुबह प्रवर्तन दल ने छापा मारा तो चोरी पकड़ी गई। दो भवन स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

विद्युत निगम के प्रवर्तन दल प्रथम की टीम मंगलवार सुबह बिहार मान नगला में राजू और नूर खां के यहां जांच करने पहुंची। टीम के मुताबिक, छापे की भनक लगते ही दोनों भवन स्वामी मौके से फरार हो गए। जांच शुरू हुई तो एलटी लाइन से सीधे कटिया जोड़कर बिजली चोरी किए जाने का पता चला।

दुकानों और क्लीनिक तक पहुंच रही थी चोरी की बिजली

प्रवर्तन दल के अनुसार, चोरी की बिजली से चार एसी, चार गीजर, आठ पंखे, एक समरसेबल पंप, 14 बल्ब और दो इन्वर्टर समेत कई उपकरण चलाए जा रहे थे। जांच में कुल 17.402 किलोवाट का बिजली भार मिला। इतनी बिजली का इस्तेमाल हो रहा था, लेकिन इसके लिए कोई कनेक्शन नहीं लिया गया था। जांच आगे बढ़ी तो संबंधित भवन में किराये पर दुकानें और क्लीनिक भी चलते मिले। टीम का कहना है कि इन प्रतिष्ठानों के लिए भी बिजली का कनेक्शन नहीं था। घर के साथ व्यावसायिक कामकाज में भी अवैध रूप से ली जा रही बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।

लंबे समय से चोरी का आरोप, दो पर मुकदमा

सीओ विजिलेंस राकेश राय ने बताया कि औचक जांच में बिना कनेक्शन बिजली का इस्तेमाल पकड़ा गया। प्रवर्तन दल के मुताबिक, यहां लंबे समय से बिजली चोरी की जा रही थी। मामले में राजू और नूर खां के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। छापेमारी में प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार, अवर अभियंता रजनी कान्त रावत और उपनिरीक्षक ब्रजपाल सिंह शामिल रहे। मुख्य आरक्षी राजेश कुमार व ललित कुमार, आरक्षी राहुल कुमार और महिला आरक्षी मधुबाला भी टीम में मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *