google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSपुलिस की गिरफ्त में हत्या के दोनों आरोपी।

बरेली। मोहल्ला लठैता में शनिवार को हुए विवाद के दौरान फायरिंग में एक बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद और पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कस्बा निवासी तरुण सिंह और एक युवती के बीच संबंधों को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। बताया गया कि 15 अक्टूबर को तरुण युवती के साथ बरेली के फीनिक्स मॉल गया था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को होने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में मोहित गुप्ता सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि शनिवार को उनका भाई सुमित गुप्ता पुरैना तिराहे से त्रिपोलिया की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में तरुण और उसके परिजनों ने उसे घेरकर मारपीट की। इसकी सूचना मिलने पर मोहित और रोहित गुप्ता अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद सज्जाद अहमद से भी आरोपियों की कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में सज्जाद अहमद पर 50 हजार रुपये उधार होने की बात कही है। विवाद बढ़ने पर रोहित गुप्ता के उकसाने पर मोहित गुप्ता ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली सज्जाद अहमद को लग गई। गंभीर रूप से घायल सज्जाद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतक के बेटे ने छह लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

घटना के बाद मृतक के पुत्र अफसर अहमद निवासी मोहल्ला गोसिया चौक ने थाना आंवला में तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया कि झाऊ लाला, उसके पुत्र रोहित और मोहित तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पिता को रास्ते में रोककर उधार के रुपये मांगे थे। रुपये नहीं देने पर झाऊ लाला के कहने पर मोहित ने उसके पिता को गोली मार दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

श्रीजी कॉलोनी के पास से दबोचे गए दोनों आरोपी

प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के आरोपी रोहित और मोहित गुप्ता बदायूं रोड स्थित श्रीजी कॉलोनी के सामने खड़े हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रात करीब 11 बजकर 47 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित गुप्ता (40) और मोहित गुप्ता (41) पुत्रगण महेश चंद्र गुप्ता उर्फ झाऊ लाला निवासी पुरैना ढाल जीप स्टैंड, कस्बा आंवला के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान मोहित ने घटना में प्रयुक्त तमंचा घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से 315 बोर का अवैध तमंचा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की गई है।

दोनों भाइयों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहित गुप्ता के खिलाफ मारपीट, धमकी, जुआ अधिनियम और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके भाई रोहित गुप्ता के खिलाफ भी मारपीट और धमकी सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश कर रही है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह, उपनिरीक्षक होराम सिंह, उपनिरीक्षक अनिरुद्ध कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल आर्यन, सुमित कुमार और कांस्टेबल शिवराम शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *