बरेली/नवाबगंज। मंडलायुक्त शंभू कुमार ने नवाबगंज तहसील के अधकटा नजराना स्थित अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर पढ़ाई से लेकर छात्रावास और मेस तक की व्यवस्थाओं को करीब से परखा। इस दौरान वह सिर्फ अधिकारियों से रिपोर्ट लेने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि कक्षा में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया और पढ़ाई का तरीका भी समझाया। बाद में विद्यार्थियों के साथ मेस में बैठकर भोजन कर खाने की गुणवत्ता और व्यवस्था का भी जायजा लिया।

कक्षा में पहुंचे कमिश्नर, बच्चों से पूछे सवाल

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त सीधे कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई तथा विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को किसी भी विषय को समझने के बाद उसका नियमित अभ्यास और दोहराव करने की सलाह दी। कहा कि केवल अध्याय पढ़ लेना पर्याप्त नहीं है, उसके बाद दिए गए प्रश्नों को हल करने और डायग्राम को समझकर स्वयं बनाने की आदत भी जरूरी है।
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई की बेहतर कार्यप्रणाली समझाते हुए नियमित अभ्यास को सफलता का अहम आधार बताया। शिक्षकों को निर्देश दिए कि कक्षाओं में उपलब्ध इंटरएक्टिव पैनल का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाए, जिससे पढ़ाई रोचक होने के साथ विद्यार्थियों को विषय आसानी से समझाया जा सके।

मेस से हॉस्टल तक जांच, सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

मंडलायुक्त ने विद्यालय की अवस्थापना सुविधाओं के साथ मेस, छात्रावास और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। मेस में गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त पंखे लगवाने के निर्देश दिए। कैंटीन भवन को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से संचालित कराने की संभावनाओं पर काम करने को कहा। छात्रावास में रहने वाले बच्चों की अपने अभिभावकों से नियमित बातचीत हो सके, इसके लिए दूरभाष की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए गए। विद्युत विभाग को विद्यालय परिसर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

कला-संगीत के साथ एक्सपोजर विजिट पर भी फोकस

कलाकक्ष और संगीत कक्ष का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि आवासीय विद्यालय में बच्चों का विकास केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। कला, संगीत और दूसरी गतिविधियों के लिए जरूरी सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव दिलाने के लिए समय-समय पर एक्सपोजर विजिट भी कराई जाए।

बच्चों के बीच बैठकर किया भोजन, परिसर में लगाया पौधा

निरीक्षण के आखिर में मंडलायुक्त शंभू कुमार विद्यार्थियों के साथ मेस पहुंचे और उन्हीं के बीच बैठकर भोजन किया। उन्होंने बच्चों से खाने और मेस की व्यवस्था को लेकर भी बातचीत की। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपश्रमायुक्त अनुराग मिश्र, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, प्रधानाचार्य विनोद कुमार पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी गजेन्द्र सिंह और श्रम प्रवर्तन अधिकारी विवेक त्रिवेदी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *