bareillyबैठक के दौरान मौजूद डीएम व अन्य अधिकारी।

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले में मतदान के लिए 25 बूथ बनाए गए हैं। अब इन बूथों पर सुविधाओं और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की जांच होगी। बुधवार को डीएम अविनाश सिंह ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कमियां समय रहते दूर कराने को कहा।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियां संभाल रहे नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों से तैयारियों पर चर्चा हुई। डीएम ने सभी बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बूथों पर क्या व्यवस्था है और कहां सुधार की जरूरत है, यह मौके पर जाकर देखा जाएगा। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को दूर कराना भी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

बूथ तक पहुंचने में न हो परेशानी

समीक्षा के दौरान मतदाताओं की सहूलियत पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि केवल बूथ परिसर देखकर निरीक्षण पूरा न करें। वहां आने-जाने वाले रास्तों की स्थिति भी जांचें। मकसद यह है कि मतदान के दौरान शिक्षकों को बूथ तक पहुंचने या परिसर में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी पहले से परखने के निर्देश दिए गए। चुनाव संबंधी प्रशिक्षण के लिए 12 अक्टूबर की तारीख तय की गई है। रवीन्द्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रशिक्षण होगा। बैठक में इसकी तैयारियों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से प्रशिक्षण स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण कराया जा सके।

जिसे मिली जिम्मेदारी, उसे पूरा करना होगा काम

डीएम ने नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देने को कहा। बूथों की जांच हो या प्रशिक्षण की तैयारी, हर काम तय समय पर पूरा करने पर जोर रहा। अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान असुविधा की स्थिति न बने। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिव्या ओझा और एडीएम नगर अविनाश त्रिपाठी मौजूद रहे। सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। फिलहाल प्रशासन का जोर 25 बूथों के निरीक्षण, वहां मिली कमियों को दूर करने और 12 अक्टूबर के प्रशिक्षण की तैयारियां पूरी करने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *