bareillyएआई से बनाई गई फोटो।

बरेली। लगातार बारिश और शहर में जगह-जगह जलभराव के बीच जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। आदेश यूपी बोर्ड के साथ सीबीएसई, आईसीएसई, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों पर लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने इसकी जानकारी दी है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता की ओर से जारी सूचना के मुताबिक जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अवकाश के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सोमवार, 7 सितंबर को जिले के कक्षा एक से आठ तक संचालित सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालय बंद रहेंगे।

दो घंटे की बारिश में पानी-पानी हुआ बरेली

रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई प्रमुख सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। दरगाह आला हजरत मोड़, मलूकपुर बजरिया, सौदागरान और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी हुई। बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। कई इलाकों में सड़क का पानी दुकानों और घरों तक पहुंच गया। दुकानदार यासीन रजा ने बताया कि पानी दुकान के अंदर घुसने से सामान खराब होने की नौबत आ गई और कारोबार प्रभावित हुआ। पानी में सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने से कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर गए। कई वाहन पानी में बंद हो गए, जिन्हें लोगों को धक्का देकर निकालना पड़ा। दरगाह के पास पानी में गिरी एक महिला को दुकानदार ने बाहर निकाला।

पॉश इलाकों से पुराने शहर तक जलभराव

बमनपुरी, मॉडल टाउन, स्टेडियम रोड, डीजीपुरम और डेलीपीर चौराहा भी बारिश के बाद जलमग्न नजर आए। सिविल लाइंस में विकास भवन रोड पर भी पानी भर गया। सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सड़कें भी जलभराव से अछूती नहीं रहीं। वहीं पुराने शहर के कांकरटोला में तेज बारिश के दौरान कब्रिस्तान की दीवार गिर गई। राहत की बात रही कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। लगातार बारिश और जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को कक्षा आठ तक के विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *