बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में बृहस्पतिवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू और सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने दो बेटों को लेकर फरार हो गया, जबकि बेटी को घर पर छोड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
दो दिन पहले मायके से पत्नी को लेकर आया था आरोपी
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुलड़िया निवासी महेश ने बताया कि उनकी बहन सरोज (35) की शादी जोगी नवादा निवासी सतीश से हुई थी। उनके मुताबिक घरेलू विवाद के चलते सरोज कुछ समय पहले मायके आ गई थी। करीब दो दिन पहले ही सतीश उसे अपने साथ वापस जोगी नवादा लेकर आया था। महेश के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह सरोज और सतीश के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सतीश ने सरोज पर चाकू से कई वार किए और फिर सिलबट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
परिजन ने लगाए दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप
महेश का आरोप है कि शादी के बाद से ही सतीश दहेज को लेकर सरोज से विवाद करता था। उन्होंने बताया कि सतीश शराब पीने का आदी था और अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। परिजन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजन के मुताबिक वारदात के बाद सतीश अपने दोनों बेटों को लेकर भाग गया और बेटी को घर पर ही छोड़ दिया। वह मिठाई की दुकान पर हलवाई का काम करता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और खून से लथपथ शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।