google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

बरेली। भमोरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 890 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए अफीम की तस्करी करते थे। ट्रक चालकों और अन्य लोगों को अफीम बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात भमोरा थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस टीम ने दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 890 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी निशांत सिंह (22) पुत्र दुर्वेंद्र सिंह और राघव सिंह (28) पुत्र गुड्डू सिंह के रूप में हुई है।

अनजान व्यक्ति से खरीदते थे अफीम, ट्रक चालकों को बनाते थे ग्राहक

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अफीम एक व्यक्ति से खरीदी थी, लेकिन उसका नाम और पता नहीं जानते। दोनों मिलकर अफीम को ट्रक चालकों और अन्य लोगों को बेचते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। आरोपियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए नशे का यह अवैध कारोबार कर रहे थे। सोमवार रात भी दोनों अफीम बेचने की फिराक में निकले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अफीम के साथ बाइक और दो मोबाइल बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 890 ग्राम अफीम के अलावा दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। दोनों के खिलाफ भमोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक आजाद कुमार, कांस्टेबल उन्नत पंवार, अरविंद कुमार, सत्यम और अजय कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *